भागलपुर में रौशन रोही व डिंपल सिंह के कार्यक्रम में बवाल; 'हमरा पर लइकिन हो जाइहै दीवानी...' बजते ही बेकाबू हुई भीड़
Bhagalpur Sandis Compound Ruckus: भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में मगही स्टार रौशन रोही और डिंपल सिंह के कार्यक्रम के ...और पढ़ें
HighLights
सैंडिस कंपाउंड में रौशन रोही-डिंपल सिंह के कार्यक्रम में बवाल।
बैठने की व्यवस्था पर भड़की भीड़ ने कुर्सियां तोड़ीं, फेंकीं।
पुलिस ने लाठीचार्ज कर दो घंटे में स्थिति नियंत्रित की।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Sandis Compound Ruckus: शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में मगही स्टार गायक रौशन रोही और गायिका डिंपल सिंह के स्टेज प्रोग्राम के दौरान शनिवार को भारी बवाल हो गया। कार्यक्रम के दौरान बैठने की व्यवस्था को लेकर दर्शकों का एक बड़ा जत्था अचानक भड़क गया और देखते ही देखते मैदान अखाड़े में तब्दील हो गया।
-1793476480340.webp)
बेकाबू भीड़ ने स्टेज के आगे लगी कुर्सियों की कतारों को चंद मिनटों में तोड़कर तहस-नहस कर दिया और टूटी कुर्सियों को सीधे मंच की तरफ फेंकना शुरू कर दिया। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
-1793466365560.webp)
हालात बेकाबू होते देख शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात तिलकामांझी थाने की पुलिस और पुलिस केंद्र से बुलाए गए दंगा नियंत्रण बल को मोर्चा संभालना पड़ा। पुलिस ने लाठियां भांजकर उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ा कर खदेड़ा। लाठीचार्ज और भगदड़ के दौरान दर्जनों दर्शक गिरकर चोटिल हो गए।
-1793464854565.webp)
गीत शुरू होते ही मचा हुड़दंग, मंच पर फेंकने लगे कुर्सियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैदान में क्षमता से अधिक भीड़ जुट चुकी थी। आगे की कतारों में बैठे लोगों के कारण पीछे खड़े दर्शकों को मंच दिखाई नहीं दे रहा था, जिसे लेकर पहले आपस में तू-तू, मैं-मैं और गाली-गलौज शुरू हुई।
-1793466242765.webp)
इसी बीच जैसे ही मंच से रौशन रोही ने अपना चर्चित गीत "अगे हमरा पर लइकिन हो जाइहै दीवानी... मौज में काटो हई हम जवानी" गाना शुरू किया, कुछ मनचले युवक बैरिकेडिंग फांदकर हुड़दंग मचाने लगे। देखते ही देखते पीछे की भीड़ आगे की ओर टूट पड़ी। जब तक आयोजक कुछ समझ पाते, उपद्रवियों ने वीआईपी दीर्घा में लगी कुर्सियों को तोड़ना और सीधे कलाकारों की ओर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे कलाकारों को सुरक्षा घेरे में पीछे ले जाया गया।
-1793464933309.webp)
अफवाह के बाद दोबारा घुसी भीड़, पुलिस ने 2 घंटे में संभाली स्थिति
पुलिस ने सख्ती बरतते हुए जब लाठीचार्ज किया, तो भीड़ सैंडिस कंपाउंड के मुख्य गेट से बाहर भाग गई। लेकिन कुछ ही देर में बाहर खड़े दर्शकों के बीच यह अफवाह फैल गई कि रौशन रोही और डिंपल सिंह ने अंदर दोबारा गाना शुरू कर दिया है।
-1793465229321.webp)
इस अफवाह के बाद सैकड़ों की तादाद में युवा एक बार फिर मुख्य द्वार की ओर दौड़ पड़े और अंदर घुसने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने गेट पर दोबारा लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया। उपद्रव को शांत करने और माहौल को पूरी तरह काबू में लाने में पुलिस को करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
-1793464979834.webp)
कई जिलों से पहुंचे थे प्रशंसक, एहतियातन पुलिस बल तैनात
उल्लेखनीय है कि मगही और भोजपुरी कलाकारों की इस जोड़ी को सुनने के लिए सिर्फ भागलपुर शहर ही नहीं, बल्कि पीरपैंती, सुल्तानगंज, नवगछिया के साथ-साथ पड़ोसी जिले बांका, मुंगेर और कटिहार से भी हजारों की संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे।
-1793466338852.webp)
बवाल के बाद कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया गया। तिलकामांझी थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बलों ने सैंडिस कंपाउंड को खाली करा लिया है। किसी भी संभावित अप्रिय घटना के मद्देनजर सैंडिस कंपाउंड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस पिकेट तैनात कर चौकसी बढ़ा दी गई है।
-1793476277282.webp)
बिना अनुमति व सुरक्षा इंतजाम के कराया गया शो
सैंडिस कंपाउंड में शनिवार को मगही स्टार रौशन रोही और भोजपुरी गायिका डिंपल सिंह के कार्यक्रम में हुए बवाल को लेकर एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यक्रम पुलिस प्रशासन की पूर्व अनुमति के बिना आयोजित किया गया था। आयोजकों ने पुलिस को इसकी कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी थी और न ही संभावित भीड़ के आकलन के अनुरूप सुरक्षा व नियंत्रण के जरूरी इंतजाम किए गए थे।
-1793476201395.webp)
हल्के बल प्रयोग से अनियंत्रित भीड़ पर पाया काबू
अत्यधिक भीड़ जुटने से स्थल पर अचानक स्थिति अनियंत्रित हो गई और गंभीर विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही तिलकामांझी थाना और जिला पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति संभाली। पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यकतानुसार हल्का बल प्रयोग कर बेकाबू भीड़ को तितर-बितर किया।
-1793476359333.webp)
उपद्रवियों पर शिकंजा, प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू
एसएसपी कार्यालय के अनुसार, बिना अनुमति आयोजन कराने, सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन में लापरवाही बरतने और विधि-व्यवस्था भंग करने के जिम्मेदारों की पहचान की जा रही है। मुख्य आयोजकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
-1793476545018.webp)
साथ ही घटना में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक आयोजनों से पूर्व सक्षम प्राधिकार से अनिवार्य अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।