Street Light Project : त्योहारों से पहले रोशन होगा भागलपुर, 51 वार्डों में लगेंगी 5300 नई स्ट्रीट लाइटें; खुली वित्तीय बिड
भागलपुर नगर निगम 51 वार्डों में 5300 नई ऊर्जा-कुशल स्ट्रीट लाइटें लगाएगा, जिससे त्योहारों से पहले शहर रोशन हो सके। ...और पढ़ें

Bhagalpur Street Light Project: अंधेरे से मुक्त होगी सिल्क सिटी! 51 वार्डों में जगमगाएंगी 5300 नई स्ट्रीट लाइटें; निगम ने 5 ग्रुपों में बांटी निविदा, एजेंसी तय होते ही काम शुरू
HighLights
भागलपुर में 5300 नई स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
त्योहारों से पहले शहर को रोशन करने का लक्ष्य।
एजेंसी लाइटों के रखरखाव की भी जिम्मेदारी लेगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सिल्क सिटी की लचर और बदहाल प्रकाश व्यवस्था से लंबे समय से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम प्रशासन ने आगामी पर्व-त्योहारों से पहले शहर के मुख्य मार्गों सहित गली-मोहल्लों को दूधिया रोशनी से नहलाने की मुकम्मल तैयारी कर ली है। इसके तहत एजेंसी चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द नई लाइट लगाने का जमीनी काम शुरू कराया जा सके।
शहरी क्षेत्र के सभी 51 वार्डों में बंद और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए निगम ने 5300 नई ऊर्जा-कुशल स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना बनाई है। खास बात यह है कि इस बार सिर्फ लाइट लगाने तक ही व्यवस्था सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संबंधित एजेंसी पर ही लाइटों की खरीद, उनके अधिष्ठापन (इंस्टॉलेशन), नियमित रखरखाव और संचालन का पूरा जिम्मा होगा। इससे लाइट खराब होने के बाद महीनों तक बंद रहने की शिकायतों पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
वित्तीय बिड खुली, तकनीकी मूल्यांकन के बाद जारी होगा कार्यादेश
नगर निगम ने इस पूरी योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए पांच अलग-अलग ग्रुपों में ई-निविदा आमंत्रित की थी। गुरुवार को सभी ग्रुपों की वित्तीय निविदा (फाइनेंशियल बिड) खोल दी गई। तकनीकी मूल्यांकन में सफल पाई गई एजेंसियों की वित्तीय दरों की जांच पूरी कर ली गई है।
भागलपुर नगर निगम के सभी 51 वार्डों में खराब रोशनी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 5300 नई स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी
पांच ग्रुप में आमंत्रित ई-निविदा की वित्तीय बिड खुली; न्यूनतम दर वाली एजेंसियों के चयन पर शुक्रवार को फैसला
लाइट की खरीद के साथ अधिष्ठापन, संचालन और नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालेगी चयनित एजेंसी
आगामी दुर्गा पूजा और दीपावली से पहले प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और मोहल्लों की गलियों को रोशन करने का लक्ष्य
अब न्यूनतम दर (एल-1) प्रस्तुत करने वाली एजेंसी के अंतिम चयन के लिए शुक्रवार को नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में तकनीकी मूल्यांकन समिति की अहम बैठक होगी। इस बैठक में दरों के अनुमोदन और प्रशासनिक स्वीकृति के बाद चयनित एजेंसी को तत्काल कार्य आदेश (वर्क ऑर्डर) निर्गत कर दिया जाएगा।
पांच ग्रुप में बंटे वार्ड, निर्धारित हुई प्राक्कलित राशि
शहरी क्षेत्र के भौगोलिक दायरे को ध्यान में रखते हुए वार्ड 1 से 51 तक के कार्यों को पांच अलग-अलग समूहों में बांटा गया है:
ग्रुप-एक (वार्ड 1 से 10): 84.90 लाख रुपये का प्राक्कलन
ग्रुप-दो (वार्ड 11 से 20): 80.62 लाख रुपये का प्राक्कलन
ग्रुप-तीन (वार्ड 21 से 30): 1.14 करोड़ रुपये का प्राक्कलन
ग्रुप-चार (वार्ड 31 से 39): 1.02 करोड़ रुपये का प्राक्कलन
ग्रुप-पांच (वार्ड 40 से 51): 1.39 करोड़ रुपये का प्राक्कलन
अंधेरे से मिलेगी मुक्ति, सुरक्षा का बनेगा माहौल
वर्तमान में शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों और आंतरिक गलियों में लगी स्ट्रीट लाइटें रखरखाव के अभाव में महीनों से बंद पड़ी हैं। इसके चलते शाम ढलते ही कई मोहल्लों में अंधेरा छा जाता है, जिससे राहगीरों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों और दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे महापर्वों से पहले इन सभी 5300 लाइटों को क्रियाशील करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे त्योहारों के दौरान शहर में रोशनी की कोई कमी न रहे।
