विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेल यात्रियों से लूटपाट के आरोपी एजाज उर्फ नाढ़ा ने किया सरेंडर, बिहार के कई थानों में दर्ज हैं मामले 

Published: Fri, 21 Aug 2026 11:00 AM (IST)

रेल यात्रियों से लूटपाट और डकैती के मामलों में फरार चल रहे मो. एजाज उर्फ नाढ़ा मियां ने गुरुवार को ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. रेल यात्रियों से लूटपाट के आरोपी नाढ़ा ने किया आत्मसमर्पण।

  2. भागलपुर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में किया सरेंडर।

  3. नाढ़ा मियां को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, कई मामले दर्ज।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। रेल यात्रियों से लूटपाट और डकैती से जुड़े मामले में फरार चल रहे मो. एजाज उर्फ नाढ़ा मियां ने गुरुवार को रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत के प्रभारी दंडाधिकारी हमजा आलम के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। वह मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के मुल्लाचक का रहने वाला है। आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

नाढ़ा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ भागलपुर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें मोजाहिदपुर थाना कांड संख्या 12/2017 में धारा 394/411 भादवि, नाथनगर थाना कांड संख्या 140/2016 में धारा 399/467/412 भादवि एवं 25(1-बी)/26 आर्म्स एक्ट, अकबरपुर थाना कांड संख्या 122/2020 में धारा 396 भादवि, मोजाहिदपुर थाना कांड संख्या 42/2012 में धारा 394 भादवि और कांड संख्या 88/2012 शामिल हैं।

इसके अलावा इशीपुर थाना कांड संख्या 48/2009 में 25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट तथा मोजाहिदपुर थाना कांड संख्या 14/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

छापामारी में हथियार व लूट का सामान हुआ था बरामद

पूर्व में रेल एसपी विद्या सागर के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने अलीनगर में बदमाशों के ठिकाने पर छापेमारी की थी। इस दौरान चार कट्टा, दो रिवाल्वर, चार मैगजीन, 16 गोलियां, यात्रियों से लूटे गए आभूषण, अटैची और विदेशी घड़ी समेत अन्य सामान बरामद किए गए थे।

छापामारी के दौरान रेल पुलिस टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा था। कार्रवाई में जीआरपी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नसीम अहमद, आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार गिरी, सीआइडी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार, इंस्पेक्टर एके सिंह के अलावा आरपीएफ सीआइबी, बीएमपी और मालदा आरपीएफ के जवान समेत 70 से अधिक जवान शामिल थे। आत्मसमर्पण के बाद रेलवे कोर्ट ने एजाज उर्फ नाढ़ा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- बिहार के PMCH में डॉक्टर पर हमले का विरोध: जूनियर डॉक्टरों ने ढाई घंटे तक किया हड़ताल, 65 ऑपरेशन टले