भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर खुलीं पटरी की क्लिपें, कुछ देर प्रभावित रहा परिचालन, मरम्मत के बाद सामान्य
Bhagalpur Jamalpur Rail Section Track Clip Open: भागलपुर और नाथनगर के बीच डाउन लाइन पर करीब 100 पेंड्रोल क्लिप खुली ...और पढ़ें

Bhagalpur Jamalpur Rail Section Track Clip Open: घटना के बाद रेल पटरी की मरम्मत करते रेलवे कर्मी और सुरक्षा अधिकारी
HighLights
भागलपुर-नाथनगर डाउन लाइन पर 100 क्लिप खुली मिलीं।
मरम्मत के बाद सुबह 9:30 बजे तक परिचालन बहाल हुआ।
मालगाड़ी से टक्कर की आशंका, जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Jamalpur Rail Section Track Clip Open: भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह पटरियों की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई।
भागलपुर और नाथनगर स्टेशन के बीच मुस्लिम हाई स्कूल तथा कबीरपुर के समीप डाउन लाइन पर करीब एक किलोमीटर के दायरे में लगभग 100 पेंड्रोल क्लिप खुली मिलीं। वहीं, करीब 200 क्लिप ढीली थीं। इसकी जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों में अफरातफरी मच गई।
राहत की बात रही कि मरम्मत शुरू होने से पहले कविगुरु एक्सप्रेस और जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस इसी रेलखंड से गुजर चुकी थीं। सूचना मिलने पर रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेनों का परिचालन रोककर मरम्मत शुरू कराई। सुबह करीब 9:30 बजे तक क्लिपों को ठीक कर दिया गया। इसके बाद कॉशन के साथ ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ।
एक घंटे तक नाथनगर में रुकी रही विक्रमशिला
ट्रैक की मरम्मत के कारण डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक नाथनगर स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं, जमालपुर-साहिबगंज पैसेंजर को अकबरनगर और राघोपुर-देवघर स्पेशल को सुल्तानगंज स्टेशन पर आधे घंटे से अधिक समय तक रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
रेलवे के अनुसार, सुबह सात बजे जनसेवा एक्सप्रेस, 7:15 बजे जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस और 7:55 बजे कविगुरु एक्सप्रेस इसी ट्रैक से गुजरी थीं।
कैसे खुलीं क्लिपें, जांच में जुटे अधिकारी
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी मालगाड़ी के निचले हिस्से में लटका लोहे का टुकड़ा पटरियों से टकराया होगा। इससे क्लिपें खुल गईं। घटनास्थल पर लोहे के घिसटने के निशान भी मिले हैं। स्थानीय लोगों ने सुबह एक मालगाड़ी के गुजरने के दौरान तेज आवाज सुनने की बात कही है। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात गेटमैन ने ऐसी किसी आवाज की जानकारी होने से इनकार किया है।
मालदा रेल मंडल के पीआरओ सुकांतो मंडल ने बताया कि घटना की संयुक्त जांच कराई जा रही है। क्लिपें खुलने के पीछे तकनीकी खराबी या किसी की शरारत, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल ट्रैक की मरम्मत कर परिचालन सामान्य कर दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।