भागलपुर के एक थाने में अचानक भड़की महिला, दारोगा का कॉलर पकड़ फाड़ दी वर्दी
भागलपुर के जगदीशपुर स्थित बाइपास थाने में पूछताछ के लिए बुलाई गई एक महिला ने महिला दारोगा से मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर ...और पढ़ें

थाना परिसर में बवाल, महिला दारोगा के साथ मारपीट कर आरोपित पहुंची जेल
HighLights
पूछताछ के लिए बुलाई गई महिला ने किया हमला।
महिला दारोगा असलेखा कुमारी की वर्दी फाड़ी।
आरोपी महिला गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
संवाद सूत्र, जगदीशपुर। बाइपास थाना परिसर में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पूछताछ के लिए पहुंची एक महिला ने महिला दारोगा के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि महिला ने गाली-गलौज करते हुए दारोगा की वर्दी भी फाड़ दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना में घायल महिला दारोगा असलेखा कुमारी का इलाज जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कराया गया। मामले को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था
जानकारी के अनुसार, खरबा निवासी खुशबू कुमारी, जो फेकन दास की पत्नी बताई जा रही है, एक मामले में नामजद आरोपित है। पुलिस द्वारा नोटिस तामील कराने के बाद उसे पूछताछ के लिए बाइपास थाना बुलाया गया था। उसके साथ उसी मामले से जुड़ी एक अन्य महिला भी मौजूद थी।
थाना में पूछताछ और बंधपत्र की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान महिला अपने विपक्षी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं होने की बात को लेकर नाराज हो गई। पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया और बताया कि एक आरोपित को जमानत मिल चुकी है, जबकि दूसरे को बंधपत्र पर मुक्त किया गया है।
सिरिस्ता जाने को कहा तो भड़क गई महिला
पुलिस के अनुसार, बयान दर्ज कराने के लिए जब महिला को सिरिस्ता जाने के लिए कहा गया तो वह अचानक उग्र हो गई। आरोप है कि उसने महिला दारोगा असलेखा कुमारी का कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
खबरें और भी
हंगामे के दौरान महिला दारोगा की वर्दी भी फट गई। थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद थाना परिसर में कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
घायल दारोगा का कराया गया इलाज
मारपीट की घटना में महिला दारोगा घायल हो गईं। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
महिला दारोगा के बयान पर आरोपित महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थानाध्यक्ष बोले- आरोपित को भेजा गया जेल
इस संबंध में बाइपास थाना के थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि महिला दारोगा के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।