'काला सोना' हुआ सुपर ट्रेंडिंग! बिहार के किस जिले में क्या है मखाने का भाव? 4 सूता वाला मखाना सस्ता तो 6 सूता 1200/Kg
Bihar Makhana Prices : प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' में जिक्र के बाद मखाने की मांग बढ़ी है, जिससे ...और पढ़ें

Bihar Makhana Prices बिहार में मखाने के ताजा रेट जारी; 4 और 6 सूता में भारी अंतर
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी के जिक्र से मखाने की मांग में उछाल।
उत्पादक जिलों में मखाना सस्ता, उपभोक्ता शहरों में महंगा।
मखाने की ग्रेडिंग 4, 5, 6 सूता के आधार पर।
डिजिटल डेस्क, भागलपुर। Bihar Makhana Prices प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'मन की बात' में सीमांचल के मखाने की वैश्विक धमक और 18 से अधिक देशों में इसके निर्यात की चर्चा किए जाने के बाद घरेलू बाजार में भी मखाने को लेकर जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। सुपरफूड के रूप में पहचान बना चुका यह 'काला सोना' इन दिनों अत्यधिक ट्रेंड कर रहा है।
उत्पादन के गढ़ सीमांचल से लेकर उपभोक्ता मंडियों वाले अंग क्षेत्र तक इसकी मांग में भारी उछाल आया है, जिसके चलते विभिन्न जिलों में थोक और खुदरा दरों में बड़ा अंतर दर्ज किया जा रहा है।
तालाबों से मखाना निकालने और उसे भूनकर लावा तैयार करने की प्रक्रिया बेहद जटिल और श्रमसाध्य है। गुणवत्ता के लिहाज से बड़ा, हल्का और दूधिया सफेद दाना सबसे महंगा बिकता है। बाजार में मखाने की ग्रेडिंग मुख्यतः 4 सूता (छोटा), 5 सूता (मीडियम) और 6 सूता (बड़ा प्रीमियम दाना) के आधार पर होती है।
उत्पादक जिलों में राहत, उपभोक्ता शहरों में भाव तेज
मखाने के सबसे बड़े उत्पादक जिले कटिहार और पूर्णिया में स्थानीय स्तर पर उपलब्धता के कारण दरें अपेक्षाकृत संतुलित हैं। कटिहार में जहां भाव 700 से 1000 रुपये प्रति किलो के बीच है, वहीं पूर्णिया में थोक भाव 500 से 1000 रुपये और खुदरा 600 से 1200 रुपये प्रति किलो दर्ज किया जा रहा है। कई प्रगतिशील किसान तालाबों में मखाने के साथ मछली पालन का एकीकृत मॉडल अपनाकर दोहरा लाभ कमा रहे हैं।
इसके विपरीत गैर-उत्पादक जिलों में कीमतें काफी तेज हैं। भागलपुर में मखाने का उत्पादन नहीं होता, लेकिन शहर के बड़े मॉल और ड्राई फ्रूट्स की दुकानों पर इसकी जोरदार खपत है। यहां खुदरा भाव 800 से 1200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं खगड़िया में 1000 से 1400 रुपये, जमुई में औसतन 1000 रुपये, लखीसराय में 900 से 1100 रुपये और बांका में 1000 से 1200 रुपये प्रति किलो के बीच मखाना बिक रहा है।
मुंगेर, किशनगंज और मधेपुरा में ग्रेडिंग का खेल
मधेपुरा मंडी में 4 सूता का थोक भाव 600–650 रुपये और खुदरा 750–800 रुपये है, जबकि 6 सूता बड़ा दाना खुदरा में 1200 से 1500 रुपये तक पहुंच रहा है। यहां ब्रांडेड पैकेट 1700 से 2400 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं। किशनगंज में 4 सूता 700–800, 5 सूता 1000–1200 और 6 सूता 1400–1600 रुपये प्रति किलो है, जबकि भुना हुआ पैकेट 1800 से 2200 रुपये के बीच है। अररिया का भी लगभग यही दाम है।
मुंगेर के गोला मंडी के थोक कारोबारी सनत कुमार और गोपाल साह के अनुसार, थोक में मखाना 600 से 1400 रुपये है, जबकि खुदरा में छोटा दाना 250 से 700 और उच्च ग्रेड के ब्रांडेड पैक 1100 से 1500 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।