दिल्ली में गडकरी से मिले बिहार के पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र; भागलपुर विक्रमशिला सेतु व पोंटून ब्रिज पर बड़ी चर्चा
बिहार के पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य की सड़क अवसंरचना को मजबूत करने पर चर्चा की। इस द ...और पढ़ें

बिहार के पथ निर्माण मंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से भेंटकर सड़क अवसंरचना पर की विस्तृत चर्चा
HighLights
पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र ने गडकरी से दिल्ली में मुलाकात की।
विक्रमशिला सेतु के लिए पोंटून ब्रिज पर प्रमुखता से चर्चा हुई।
कई राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी रखा गया।
संवाद सूत्र, बिहपुर (भागलपुर)। बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र समेत संपूर्ण बिहार की सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रस्तावों पर विस्तृत व सकारात्मक चर्चा की। मुलाकात के दौरान मंत्री की पुत्री कोमल कृति भी मौजूद रहीं।
बिहपुर के गांवों को एप्रोच रैंप से जोड़ने और पोंटून ब्रिज की मांग
मंत्री इं. शैलेंद्र ने बताया कि भागलपुर-नवगछिया स्थित विक्रमशिला गंगा सेतु के पुनर्निर्माण (Rehabilitation) अवधि के दौरान निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए समानांतर अस्थायी पोंटून ब्रिज (Pontoon Bridge) के निर्माण की आवश्यकता पर प्रमुखता से चर्चा हुई।
इसके साथ ही बिहपुर-फुलौत के बीच बन रहे NH-106 के कोसी महासेतु से बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर-मुसहरी और कहारपुर गांवों को एप्रोच रैंप के माध्यम से सीधे जोड़ने की मांग रखी। साथ ही भागलपुर-बलदौर NH-133E के निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात कही।
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर कांवरिया पथ और एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव
केंद्रीय मंत्री के समक्ष राज्य की अन्य प्रमुख सड़क परियोजनाओं को भी प्रमुखता से उठाया गया:
सुरक्षित कांवरिया पथ: हाजीपुर से मुजफ्फरपुर तक श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम कांवरिया पथ का निर्माण।
गंगा किनारे एलिवेटेड रोड: हाजीपुर के पासवान चौक से बिदुपुर तक गंगा नदी के उत्तरी किनारे पर एलिवेटेड सड़क का निर्माण।
4-लेन चौड़ीकरण: मुजफ्फरपुर-बरौनी NH-122 के फोर-लेन चौड़ीकरण, मुजफ्फरपुर पूर्वी बाईपास और NH-139 (नौबतपुर से झारखंड सीमा तक) फोर-लेन निर्माण।
NH-333 व 333A: इन दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी विभिन्न लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का आग्रह।
मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार के तालमेल से बिहार का सड़क नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा।