मुहर्रम पर हिंसा: लखीसराय और खगड़िया में दो गुट भिड़े, अररिया में थाने में घुस गए हुड़दंगी
मुहर्रम के दौरान बिहार के लखीसराय, खगड़िया और अररिया जिलों में हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें ताजिया जुलूस के दौरान दो गुटों में मारपीट हुई है। ...और पढ़ें

लखीसराय के बड़ी दरगाह मस्जिद के पास ताजिया पहलाम के दौरान दो गुटों के बीच झड़प। (जागरण)
HighLights
लखीसराय और खगड़िया में ताजिया जुलूस के दौरान हिंसक झड़पें।
अररिया में उपद्रवियों ने पुलिस थाने में घुसकर उत्पात मचाया।
भागलपुर में पथराव के बाद 13 गिरफ्तार, बाद में समझौता।
जागरण टीम, भागलपुर। मुहर्रम के दौरान तीन अलग-अलग जिलों में हिंसक झड़प और हंगामा हुआ। लखीसराय और खगड़िया में जहां ताजिया जुलूस के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए, वहीं अररिया में हुड़दंगियों ने पुलिस थाने में ही घुसकर उत्पात मचाया।
लखीसराय शहर के पुरानी बाजार स्थित बड़ी दरगाह कर्बला में शनिवार सुबह ताजिया पहलाम के दौरान इंग्लिश अखाड़ा और बड़ी दरगाह अखाड़ा के बीच मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।
युवक लाठी-डंडे और पारंपरिक हथियार लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इसमें मोहम्मद रिजवान के पुत्र सहित दो लोगों का सिर फट गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
इस कारण निर्धारित ताजिया मिलन भी नहीं हो सका और इंग्लिश अखाड़ा लौट गया। पुलिस बल और एसएसबी जवानों ने मौके पर पहुंचकर कर्बला परिसर खाली कराया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।
दूसरी ओर, खगड़िया जिले के अलौली स्थित रौन गांव में शुक्रवार रात ताजिया जुलूस के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुरानी रंजिश और पूर्व में दर्ज केस उठाने के दबाव को लेकर हुए इस विवाद में तीन लोग जख्मी हो गए। पुलिस के अनुसार अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।
जमकर मचाया उत्पात
वहीं, अररिया जिले के पलासी में ताजिया जुलूस के दौरान उपद्रवियों की भीड़ ने थाना मोड़ पर लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी और सीधे थाने के अंदर प्रवेश कर गए। थाने से वापस कर्बला जाते समय उन्होंने जमकर उत्पात मचाया और कुछ बाइक व टीन के छप्परों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।
उधर, शुक्रवार को शहर के पुरानी बाजार टाउन हाल के समीप गोगाकुरा (धोबियाकुरा) और पुरानी बाजार के ताजिया जुलूस के कार्यकर्ताओं के बीच पथराव में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।
इस मामले में थानाध्यक्ष और दंडाधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता समीर सौरभ ने संयुक्त रूप से 25 नामजद एवं 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया है।
पुलिस ने 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि, शनिवार सुबह तक दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण किसी पक्ष ने अलग से कोई केस दर्ज नहीं कराया।
यह भी पढ़ें- जमुई में मुहर्रम जुलूस में बवाल: पुरानी रंजिश को लेकर दो ताजिया समितियों के बीच पथराव, 13 गिरफ्तार