बिहार में अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, 4 पुलिसकर्मी घायल; गाड़ियों में तोड़फोड़
बिहार के भागलपुर में अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी ...और पढ़ें

हमले के दौरान की तस्वीर। फोटो जागरण
HighLights
पुलिस टीम पर अपराधियों के समर्थकों ने हमला किया।
हमले में चार पुलिसकर्मी घायल, वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
मुख्य आरोपी विकास यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
संवाद सहयोगी, नाथनगर। हत्या मामले में फरार चल रहे विकास यादव और मारपीट समेत अन्य मामलों के आरोपित विशाल और रमन यादव को गिरफ्तार करने पहुंची मधुसूदनपुर पुलिस जैसे ही विकास और उसके भाई कक्कू को पकड़कर बाहर लाने लगी, अपराधियों के दो दर्जन से अधिक समर्थकों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर, रॉड और लाठी-डंडे से हमला बोल दिया।
पुलिस के स्कॉर्पियो और बोलेरो वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए। अचानक हुए हमले में दो दारोगा और दो जवान सहित कुल चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी का इलाज चल रहा है। घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे भीमकित्ता गांव में घटी।
गांव बना रणक्षेत्र
करीब आधे घंटे तक गांव रणक्षेत्र बना रहा। पुलिस ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि इस बीच वह विकास यादव समेत दो आरोपितों को थाने लाने में सफल रही। घटना के बाद रात एक बजे डीएसपी-टू राकेश कुमार वज्र वाहन और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
करीब एक घंटे फ्लैग मार्च किया, लेकिन सभी आरोपित फरार मिले। थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि दो दिन में चार केस दर्ज हुए हैं। दो केस पुलिस के बयान पर और दो आशीष व छोटू के बयान पर। पुलिस के केस में 10 और आशीष-छोटू के केस में 11 लोग नामजद हैं।
खबरें और भी
लगातार दूसरे दिन हमला
भीमकित्ता गांव में अपराधियों के समर्थकों ने लगातार दूसरे दिन पुलिस टीम पर हमला बोला। इससे पहले गुरुवार रात जज के निजी चालक आशीष कुमार के घर पर आरोपितों ने पुराने केस वापस लेने के लिए मारपीट की थी।
पुलिस ने विशाल और रमन को पकड़ा था, लेकिन परिजनों और समर्थकों ने धक्का-मुक्की कर दोनों को छुड़ा लिया था। उस रात भी एक पुलिसकर्मी जख्मी हुआ था।
लौटने के बाद भी मारपीट
इधर, शुक्रवार को पुलिस के लौटने के बाद आरोपितों ने आशीष के रिश्तेदार छोटू पर रॉड से प्रहार कर उसका सिर फोड़ दिया। छोटू की हालत गंभीर है। उसे जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
दो दिन में चार केस दर्ज हुए हैं। शुक्रवार रात की घटना में चार पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर हत्या का केस भी है। कांड में शामिल किसी को व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। - राकेश कुमार, डीएसपी-टू
कानून व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा हिंसक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। - राकेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय