'मुझसे मत टकराना, चूर-चूर कर दूंगी'; जब मनचलों ने नाथनगर रेलवे स्टेशन पर लड़कियों को घेरा तो ईंट-पत्थर से सिखाया सबक
नाथनगर रेलवे स्टेशन पर एक निडर किशोरी ने छेड़खानी और अपहरण के प्रयास को ईंट-पत्थर से हमला कर विफल कर दिया। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथ ...और पढ़ें

नाथनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर दिनदहाड़े किशोरी से छेड़खानी व जबरन अगवा करने की कोशिश
HighLights
किशोरी ने नाथनगर स्टेशन पर मनचलों को खदेड़ा।
ईंट-पत्थर से हमला कर खुद का बचाव किया।
तीन अज्ञात आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज हुई।
संवाद सूत्र, नाथनगर (भागलपुर)। "मुझसे मत टकराना, चूर-चूर कर दूंगी..."—यह केवल एक जुमला नहीं, बल्कि उस निडर किशोरी का हौसला था जिसने नाथनगर रेलवे स्टेशन पर बेखौफ मनचलों के छक्के छुड़ा दिए। प्लेटफॉर्म संख्या एक के समीप गुरुवार को दिनदहाड़े एक किशोरी से छेड़खानी और उसे जबरन अगवा करने का प्रयास किया गया, लेकिन किशोरी की अदम्य सूझबूझ और आक्रामक पलटवार के आगे बदमाशों के मंसूबे पस्त हो गए।
मामले में पीड़िता के बयान पर भागलपुर रेल थाना में तीन अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जब मनचलों ने घेरा, तो ईंट-पत्थर से कर दिया लहूलुहान
मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बाजार में अपनी दुकान खोलने जा रही थी। जैसे ही वह नाथनगर स्टेशन के पास पहुंची, पहले से घात लगाए तीन मनचलों ने उसे रोक लिया और फब्तियां कसने लगे। किशोरी ने जब कड़ा विरोध किया, तो आरोपितों ने जबरन उसका हाथ पकड़कर सुनसान जगह की ओर घसीटने का प्रयास किया।
खुद को घिरता देख किशोरी जरा भी घबराई नहीं। उसने तुरंत जमीन पर बिखरे ईंट-पत्थर उठाए और 'चूर-चूर कर दूंगी' की चेतावनी देते हुए मनचलों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। अचानक हुए इस साहसिक प्रहार और किशोरी के जोर-जोर से शोर मचाने के कारण पकड़े जाने के डर से तीनों बदमाश उल्टे पांव भाग खड़े हुए।
आरपीएफ बैरक के पास अर्धनिर्मित मकान बना नशेड़ियों का अड्डा
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में रेल पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि आरपीएफ बैरक के ठीक बगल में स्थित एक अर्धनिर्मित मकान असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। आरपीएफ के जवान केवल ट्रेनों के आगमन पर बाहर निकलते हैं, जिससे मनचलों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने स्टेशन परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।