विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्राउंड जीरो पर CM सम्राट चौधरी: काजीकोरैया-राघोपुर तटबंध का लिया जायजा, युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी

Published: Sat, 05 Sep 2026 06:00 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने काजीकोरैया-राघोपुर तटबंध का दौरा कर गंगा के बदलते प्रवाह और कटाव की स्थिति का जायजा लिया।

सीएम सम्राट चौधरी ने किया ग्राउंड निरीक्षण। (सोशल मीडिया)

सीएम सम्राट चौधरी ने किया ग्राउंड निरीक्षण। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने काजीकोरैया-राघोपुर तटबंध का ग्राउंड जीरो से जायजा लिया।

  2. गंगा के बदलते प्रवाह और कटाव की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

  3. अधिकारियों को तटबंध सुरक्षा और लोगों की हिफाजत के निर्देश दिए।

दीपनारायण सिंह, खरीक। काजीकोरैया–राघोपुर तटबंध की सुरक्षा को लेकर पिछले कई दिनों से जारी हाई अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को उर्जा मंत्री शैलेष कुमार उर्फ बुलो मंडल एवं पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, एवं मुखय सचिव प्रत्यय अमृत के साथ स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने तटबंध की मौजूदा स्थिति, गंगा के बदलते प्रवाह और जलदाब के साथ कटाव की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया तथा मौके पर चल रहे युद्धस्तर के बचाव एवं सुरक्षात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के मौके पर पहुंचने के दौरान पथ निर्माण मंत्री ईं. कुमार शैलेंद्र ने उन्हें तटबंध की पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गंगा की धारा में लगातार हो रहे बदलाव और संवेदनशील स्थानों पर बन रहे दबाव को देखते हुए विभागीय टीम पूरी तत्परता के साथ काम कर रही है।

वहीं, बुलो मंडल ने फल्ड फाईटिंग कार्य के बाद गंगा जलस्तर घटने के बाद बांध को मजबूत तरह से बनाने की आवश्यकता है।

मंत्री ने मुख्यमंत्री को जियोबैग प्लेसमेंट, कट-एंड प्रोटेक्शन, टो प्रोटेक्शन, कटावरोधी कार्य, रिंग बांध तथा अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपायों की प्रगति की जानकारी दी।

bhagalpur flood news

वहीं, पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र ने साथ ही बचाव कार्य में लगे संसाधनों, मशीनरी, नावों, मजदूरों और अभियंताओं की तैनाती तथा मौके पर उपलब्ध लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।

मंत्री ईं. कुमार शैलेंद्र ने कहा कि तटबंध की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। पिछले कई दिनों से अधिकारियों और अभियंताओं की टीम के साथ दिन-रात मौके पर रहकर कार्यों की निगरानी की जा रही है। संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सीधे जानकारी लेते हुए तटबंध की सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू की समीक्षा की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि तटबंध की सुरक्षा और क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी और आपसी समन्वय के साथ काम करें तथा बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाए।

अधिकारियों को दिया निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने, आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्थिति के अनुरूप तेजी से निर्णय लेने के निर्देश दिए।

इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में मुख्यमंत्री के स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचने और मौके की स्थिति की समीक्षा करने से बचाव कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मियों का मनोबल भी बढ़ा।

पथ निर्माण मंत्री ईं. कुमार शैलेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री के लगातार मार्गदर्शन, सहयोग और त्वरित निर्णयों से तटबंध की सुरक्षा के लिए चल रहे बचाव अभियान को मजबूती मिली है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की पूरी मशीनरी तटबंध की सुरक्षा और प्रभावित क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी ताकत के साथ काम कर रही है।

काजीकोरैया–राघोपुर तटबंध की सुरक्षा को लेकर बचाव एवं सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर लगातार जारी हैं। विभागीय टीमें संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी बनाए हुए हैं और स्थिति के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बाढ़ के बीच सम्राट सरकार का मेगा प्लान, मंत्री-सचिव 13 जिलों में करेंगे कैंप; पटना के तटबंधों पर खास नजर