15 लाख का एंटीक हार, 53 लाख की कार, 4.35 लाख रुपये की प्रीमियम स्पोर्ट्स बाइक और ₹1.80 लाख का iPhone
Dhanteras Shopping 2026: भागलपुर में धनतेरस पर ₹400 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार हुआ, जिसमें लोगों ने 15 लाख का हार, ...और पढ़ें

Dhanteras Shopping 2026: धनतेरस पर भागलपुर में ₹400 करोड़ की धनवर्षा
HighLights
भागलपुर में धनतेरस पर ₹400 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार।
15 लाख का एंटीक हार, 53 लाख की लग्जरी कार बिकी।
प्रीमियम बाइक और आईफोन की युवाओं में भारी मांग।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Dhanteras Shopping 2026: धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को भागलपुर के बाजारों में अभूतपूर्व रौनक और ग्राहकों का भारी उत्साह देखने को मिला। इस बार की खरीदारी में भागलपुरवासियों का एक बिल्कुल अलग और प्रीमियम अंदाज सामने आया। अपने शौक और सपनों को पूरा करने के लिए शहरवासी महंगे और हाई-एंड प्रोडक्ट्स खरीदने से भी पीछे नहीं हटे।
बाजार में किसी ग्राहक ने 15 लाख रुपये का एंटीक हार खरीदा, तो किसी ने 50 लाख रुपये की लग्जरी एसयूवी फॉर्च्यूनर घर पहुंचाई। युवाओं में 4.35 लाख रुपये की प्रीमियम स्पोर्ट्स बाइक और 1.80 लाख रुपये के आईफोन का जबर्दस्त क्रेज दिखा।
सर्राफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, फर्नीचर और सजावटी सामानों के बाजार में दिनभर भारी भीड़ उमड़ी रही। आर्थिक मामलों के जानकार सीए प्रदीप कुमार झुनझुनवाला के अनुसार, खासकर सोना-चांदी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की रिकॉर्ड बिक्री के कारण जिले में करीब 400 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
53 लाख की लेजेंडर, 50 लाख की फॉर्च्यूनर और प्रीमियम बाइक का जलवा
ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस वर्ष प्रीमियम और लग्जरी सेगमेंट का दबदबा रहा। टोयोटा के प्रोपराइटर अमरेश कुमार झा ने बताया कि शहर के ग्राहक अब आधुनिक फीचर्स और लग्जरी को प्राथमिकता दे रहे हैं। शोरूम से 50 लाख रुपये कीमत वाली दो टोयोटा फॉर्च्यूनर लीडर एडिशन और 32 लाख रुपये वाली तीन इनोवा क्रिस्टा की डिलीवरी हुई। वहीं सबसे महंगी 53 लाख रुपये की लेजेंडर कार भी बिकी।
दोपहिया बाजार में प्रीमियम बाइकों का आकर्षण दिखा। श्रीराम मोटोकॉर्प के प्रोपराइटर आनंद चौधरी ने बताया कि करीब 4.35 लाख रुपये कीमत वाली रॉयल एनफील्ड कॉन्टिनेंटल जीटी 650 की दो गाड़ियां बिकीं। वहीं हवाई अड्डा रोड स्थित विराट टीवीएस के संचालक मुकेश कुमार ने बताया कि अपाचे, रेडर और टीवीएस स्पोर्ट्स की भारी मांग रही, जबकि महिलाओं ने जुपिटर को प्राथमिकता दी। गाड़ियों की खरीद पर चांदी के सिक्के और 6500 रुपये तक की विशेष छूट दी गई।
-1793994647329.webp)
15 लाख का एंटीक हार बिका, चांदी के बिस्कुट की बढ़ी मांग
सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में स्थिरता और त्योहारी छूट के चलते ग्राहकों ने जमकर आभूषण खरीदे। इनारा चौक स्थित स्वर्णिका ज्वेलर्स के संचालक विशाल आनंद ने बताया कि एक ग्राहक ने 15 लाख रुपये का विशेष एंटीक हार खरीदा। इसके साथ ही एक किलो और आधा किलो के चांदी के बिस्कुट की जबर्दस्त मांग रही, जहां एक किलो चांदी के बिस्कुट की कीमत करीब दो लाख रुपये रही। शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए भी भारी गहनों की बुकिंग हुई।
सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स में भी एक ग्राहक ने 9.25 लाख रुपये का हार खरीदा। स्टोर की संचालक रेखा कुमारी और मैनेजर विक्की ने बताया कि 24 कैरेट सोना 1,48,900 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 1,31,800 रुपये प्रति 10 ग्राम तथा चांदी 1.90 लाख रुपये प्रति किलो रही। मांग इतनी अधिक थी कि चांदी के बिस्कुट की आपूर्ति कम पड़ गई।
-1793994787710.webp)
1.80 लाख का आईफोन और 2.50 लाख का गेमिंग लैपटॉप बने पसंद
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में बड़ी स्क्रीन वाले टीवी और प्रीमियम गैजेट्स छाए रहे। आदित्य विजन के एरिया सेल्स मैनेजर आशुतोष कुमार ने बताया कि 43 से 55 इंच तक के टीवी की मांग सबसे अधिक रही और एक ग्राहक ने 1.60 लाख रुपये का ओएलईडी टीवी खरीदा। वहीं स्मार्टफोन में करीब 1.80 लाख रुपये कीमत वाले आईफोन 18 प्रो मैक्स के अलावा ओप्पो एफ सीरीज और वीवो एक्स सीरीज के मॉडल्स खूब बिके।
खलीफाबाग चौक स्थित ब्लूम इन्फोटेक के प्रोपराइटर मनीष बुचासिया ने बताया कि युवाओं में हाई-परफॉर्मेंस लैपटॉप का रुझान तेजी से बढ़ा है; एक ग्राहक ने करीब 2.50 लाख रुपये का आसुस आरओजी (ASUS ROG) गेमिंग लैपटॉप खरीदा। 50 से 70 हजार रुपये के तकनीकी लैपटॉप की भी खूब बिक्री हुई।
-1793994884232.webp)
छठ के पीतल के बर्तन, शुभ झाड़ू और रियल एस्टेट का हाल
महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर गुरुद्वारा रोड स्थित बर्तन बाजार में ग्राहकों का तांता लगा रहा। बर्तन कारोबारी दीपक कुमार साह ने बताया कि पीतल के अष्टलक्ष्मी कलश, अखंड दीप, एंटीक सिंहासन और कॉपर मटकों की सर्वाधिक मांग रही।
परंपरा के अनुसार मां लक्ष्मी के प्रतीक के रूप में झाड़ू की भी जमकर बिक्री हुई। वैरायटी चौक पर नारियल झाड़ू 60 रुपये और फूल झाड़ू 100 रुपये प्रति जोड़ा बिकी, साथ ही चांदी के लक्ष्मी-गणेश व रानी विक्टोरिया के पुराने सिक्के (2800 रुपये में) खूब बिके।
दूसरी ओर क्रेडाई के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने बताया कि रियल एस्टेट सेक्टर में फ्लैट, दुकान और प्लॉट की बुकिंग से लगभग 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जो पिछले साल की तुलना में थोड़ा कम रहा। देर शाम तक शहर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।