विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिब्रूगढ़-देवघर एक्सप्रेस में जुड़ेगा एक्स्ट्रा स्लीपर कोच, देखें तारीख और डिटेल, कन्फर्म सीट मिलना होगा आसान

Published: Sat, 29 Aug 2026 07:15 AM (IST)

रेलवे ने त्योहारी भीड़ के लिए डिब्रूगढ़-देवघर एक्सप्रेस में अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का फैसला किया है, जो 1 सितंबर ...और पढ़ें

यात्रियों की भारी भीड़ और वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने 15926/15925 डिब्रूगढ़-देवघर एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का लिया फैसला

यात्रियों की भारी भीड़ और वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने 15926/15925 डिब्रूगढ़-देवघर एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का लिया फैसला


HighLights

  1. डिब्रूगढ़-देवघर एक्सप्रेस में अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा गया।

  2. त्योहारी सीजन में यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलेगी।

  3. भागलपुर में बेटिकट यात्रियों से 1.35 लाख जुर्माना वसूला।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए गाड़ी संख्या 15926/15925 डिब्रूगढ़-देवघर-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर (शयनयान) श्रेणी का कोच जोड़ने की घोषणा की गई है।

रेलवे द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस अतिरिक्त कोच के जुड़ने से दोनों दिशाओं के यात्रियों को अतिरिक्त कन्फर्म सीटें उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे खासकर त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जानें कब से कब तक उपलब्ध रहेगा अतिरिक्त कोच

रेलवे ने इस अतिरिक्त स्लीपर कोच के संचालन की समय-सीमा निर्धारित की है:

  • डिब्रूगढ़ से (गाड़ी संख्या 15926): यह अतिरिक्त स्लीपर कोच 1 सितंबर से 24 अक्टूबर तक निर्धारित दिनों पर चलने वाली ट्रेन में लगाया जाएगा।

  • देवघर से (गाड़ी संख्या 15925): वापसी दिशा में यह कोच 3 सितंबर से 26 अक्टूबर तक निर्धारित दिनों पर चलने वाली ट्रेन में जोड़ा जाएगा।

इस व्यवस्था से असम, पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और बिहार-झारखंड के बीच यात्रा करने वाले नियमित और त्योहारी यात्रियों को सीट उपलब्धता में सीधा लाभ मिलेगा।

भागलपुर-अभयपुर रेलखंड पर चला सघन टिकट चेकिंग अभियान

पूर्व रेलवे अंतर्गत मालदा मंडल के तहत भागलपुर और अभयपुर रेलवे स्टेशनों के बीच शुक्रवार को बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ एक व्यापक टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) कार्तिक सिंह के प्रत्यक्ष नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान से बेटिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।

143 बेटिकट यात्रियों से वसूला 1.35 लाख जुर्माना

अभियान के दौरान जांच दल ने इस व्यस्त रेलखंड से गुजरने वाली विभिन्न मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में सवार यात्रियों के यात्रा टिकटों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान बिना टिकट, अनाधिकृत श्रेणी में यात्रा और अन्य अनियमितताओं के कुल 143 मामले पकड़े गए।

1.35 लाख से अधिक का वसूला गया जुर्माना

कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी 143 यात्रियों से रेलवे नियमों के तहत त्वरित जुर्माना वसूला गया। इस विशेष अभियान से रेलवे को कुल 1,35,075 (एक लाख पैंतीस हजार पचहत्तर) रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा और जुर्माने से बचने के लिए हमेशा वैध और उचित यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करें। सीनियर डीसीएम ने स्पष्ट किया कि रेल राजस्व की सुरक्षा और नियमित यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए आने वाले दिनों में भी इस रेलखंड पर औचक और सघन टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।