रेलवे चलाएगा 102 स्पेशल ट्रेन की ट्रिप; दिल्ली, हरिद्वार, मालदा, पटना, किऊल, गया, भागलपुर, अहमदाबाद, गांधीधाम जाना आसान
Special Trains November 2026: पूर्व रेलवे ने दिवाली और छठ महापर्व के लिए 6 से 14 नवंबर 2026 के बीच ...और पढ़ें

Special Trains November 2026: दिवाली और छठ पर पूर्व रेलवे चलाएगा 102 स्पेशल ट्रेन की ट्रिप
HighLights
पूर्व रेलवे चलाएगा दिवाली और छठ के लिए 102 स्पेशल ट्रेनें।
भागलपुर, सबौर से दिल्ली, पटना, हरिद्वार, अहमदाबाद के लिए सुविधा।
6 से 14 नवंबर 2026 तक चलेंगी ये विशेष ट्रेन ट्रिप।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Special Trains November 2026: दिवाली और महापर्व छठ के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बिहार लौटने वाले प्रवासियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे ने बड़े पैमाने पर विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए 6 नवंबर से 14 नवंबर 2026 के बीच कुल 102 स्पेशल ट्रेन ट्रिप (फेरे) चलाई जाएंगी। पूर्व रेलवे की इस योजना में भागलपुर और सबौर से जुड़ी ट्रेनों को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिससे दिल्ली, पटना, अहमदाबाद, सूरत, गांधीधाम और हरिद्वार जैसे व्यस्त रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को सीट और वेटिंग की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
89 आरक्षित और 13 अनारक्षित ट्रेन ट्रिप
रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 102 विशेष फेरों में से 89 ट्रिप आरक्षित (Reserved) और 13 ट्रिप अनारक्षित (Unreserved) श्रेणी की होंगी। इसमें भागलपुर-मालदा खंड को कुल 26 ट्रिप का सीधा लाभ मिलेगा।
भागलपुर-मालदा खंड को 26 ट्रिप
इस खंड से पटना-कटिहार के लिए 5, दिल्ली और हरिद्वार के लिए 17 तथा अहमदाबाद व सूरत के लिए 4 ट्रिप निर्धारित की गई हैं, जिससे इस मार्ग पर यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
दिल्ली-आनंद विहार के लिए भागलपुर और सबौर से चलेगी विशेष ट्रेन
भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल (04061): यह ट्रेन 6 से 14 नवंबर तक लगभग रोजाना संचालित होगी। यह किऊल, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) और टूंडला होकर आनंद विहार (दिल्ली) जाएगी। दिल्ली-एनसीआर में काम करने वाले श्रमिकों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को इस ट्रेन से त्योहार के समय घर आने और वापस लौटने में बेहद आसानी होगी।
सबौर-आनंद विहार स्पेशल (04065): सबौर से यह विशेष ट्रेन 7, 8, 9, 12 और 13 नवंबर को प्रस्थान करेगी। यह किऊल, गया, डीडीयू और टूंडला के रास्ते आनंद विहार पहुंचेगी। इससे सबौर, भागलपुर शहर सहित आसपास के कहलगांव, नवगछिया और नाथनगर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
पटना, हरिद्वार और गांधीधाम के लिए भी रहेगी सुविधा
भागलपुर-पटना स्पेशल (03431): छठ व्रतियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए 9 नवंबर को यह विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जो किऊल और बख्तियारपुर होकर पटना पहुंचेगी।
मालदा टाउन-हरिद्वार स्पेशल (03437): हरिद्वार व उत्तराखंड जाने-आने वालों के लिए यह ट्रेन 7 और 14 नवंबर को भागलपुर होकर चलेगी। यह पटना, बनारस और मुरादाबाद होकर जाएगी।
भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल (09452): गुजरात जाने वालों के लिए यह ट्रेन 9 नवंबर को प्रस्थान करेगी। मुजफ्फरपुर, बनारस, मथुरा और कोटा होकर चलने वाली इस ट्रेन से सूरत, अहमदाबाद और गांधीधाम में काम करने वाले भागलपुर, बांका व कटिहार के प्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, भागलपुर होकर चलने वाली 03029 हावड़ा-नतेसर स्पेशल (साहिबगंज, किऊल, मोकामा मार्ग) और 03465 मालदा-दीघा स्पेशल (आदिलाबाद, तमलुक मार्ग) से भी स्थानीय और पर्व मनाने वाले यात्रियों को बहुत सुविधा होगी।
भीड़ से निपटने को स्टेशन पर आरपीएफ अलर्ट
त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़ से बचने के लिए समय से स्टेशन पहुंचें और केवल वैध टिकट पर ही यात्रा करें।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भागलपुर स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे, यात्रियों के बैठने (वेटिंग एरिया) की विशेष व्यवस्था होगी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।