जेब में 5 हजार और घूमने का मन? IIIT भागलपुर का AI टूल बताएगा कहां जाएं; कैसे करें सफर
IIIT Bhagalpur Startup: IIIT भागलपुर के छात्रों ने 'टिप 2 ट्रिप' नामक AI-आधारित यात्रा ऐप बनाया है, जो यात्रियों को ...और पढ़ें

IIIT Bhagalpur Startup: ट्रिपल आइटी भागलपुर के छात्रों ने बनाया AI बेस्ड 'टिप 2 ट्रिप' ऐप, बजट के हिसाब से प्लान करेगा पूरा टूर
HighLights
IIIT भागलपुर के छात्रों ने AI-आधारित 'टिप 2 ट्रिप' ऐप बनाया।
ऐप कम बजट में यात्रा योजना बनाने में मदद करेगा।
'स्टार्टअप बिहार' से 10 लाख रुपये का सीड फंड मिला।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। IIIT Bhagalpur Startup:जेब में महज पांच हजार रुपये हैं और मन किसी खूबसूरत जगह घूमने का कर रहा है, लेकिन उलझन यह है कि इतने कम बजट में कहां जाएं और कैसे जाएं? परिवार के साथ निकलना है या दोस्तों की टोली के साथ, दिल को पहाड़ लुभाते हैं या समंदर की लहरें, और सफर कितने दिनों का हो— अब आपको इन सब उलझनों में सिर खपाने की जरूरत नहीं है। बस अपनी पसंद और अपनी जेब का बजट बताइए, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पलक झपकते ही आपके लिए एक मुकम्मल यात्रा योजना (टूर आइटिनरी) तैयार कर देगी।
यात्रा की तैयारियों को बेहद आसान और बजट-फ्रेंडली बनाने की इसी सोच के साथ भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) भागलपुर के तीन होनहार छात्रों- परमप्रीत सिंह, आयुष कुमार सिंह और रजत रंजन ने मिलकर 'टिप 2 ट्रिप' (Tip 2 Trip) नामक अत्याधुनिक पर्यटन ऐप विकसित किया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खूबी यह है कि सैलानियों को यात्रा की योजना बनाने के लिए अब अलग-अलग ट्रैवल वेबसाइटों और ब्लॉग्स पर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ट्रिपल आइटी भागलपुर के तीन छात्रों ने विकसित किया अनूठा एआइ-बेस्ड ट्रैवल ऐप 'टिप 2 ट्रिप' (Tip 2 Trip)
यात्री का बजट, दिन और पसंद डालते ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तैयार कर देगी सफर, होटल और रूट का पूरा खाका
स्टार्टअप बिहार की ओर से नवाचार को मिली बड़ी पहचान, 10 लाख रुपये का प्रारंभिक अनुदान स्वीकृत
'ट्रैवल नाउ, पे लेटर' (पहले घूमें, बाद में भुगतान) और वन-क्लिक बुकिंग की सुविधा से युवाओं का सफर होगा आसान
जेब में 5 हजार और घूमने का मन? ट्रिपल आइटी भागलपुर के छात्रों का कमाल; AI बताएगा कहां जाएं और कैसे करें सफर, मिला 10 लाख का फंड
यात्री जैसे ही ऐप पर अपना बजट, पसंदीदा डेस्टिनेशन की प्रकृति, यात्रा की अवधि और जरूरी आवश्यकताएं दर्ज करेंगे, एआइ तकनीक तुरंत गंतव्य स्थल, ठहरने के किफायती विकल्प (होटल/होमस्टे) और परिवहन के सर्वोत्तम साधनों का पूरा खाका स्क्रीन पर प्रस्तुत कर देगी। छात्रों के इस बेहतरीन नवाचार को 'स्टार्टअप बिहार' की ओर से 10 लाख रुपये का सीड फंड (प्रारंभिक अनुदान) भी मिल चुका है।
युवाओं के लिए बनेगा स्मार्ट यात्रा साथी, जुड़ेगा ट्रैवलर्स नेटवर्क
इस ऐप को खासतौर पर कॉलेज जाने वाले युवाओं, बैकपैकर्स और बजट मुसाफिरों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है। इसमें 'स्मार्ट यात्रा साथी' (Smart Travel Companion) का इन-बिल्ट फीचर होगा, जो यात्रा के दौरान रियल-टाइम में जरूरी जानकारियां, स्थानीय खान-पान, सुरक्षा गाइडलाइंस और रास्ते का मार्गदर्शन देगा। इसके अतिरिक्त ऐप पर घुमक्कड़ी के शौकीनों का एक विशेष कम्युनिटी नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जहां युवा यात्री एक-दूसरे से जुड़कर अपने अनुभव, तस्वीरें और यात्रा से जुड़े अहम सुझाव साझा कर सकेंगे।
वन-क्लिक बुकिंग और 'पहले घूमें, भुगतान बाद में करें' की सुविधा
यात्रा योजना तैयार होने के बाद बुकिंग प्रक्रिया को भी बेहद सुगम बनाया जा रहा है। डेवलपर्स का लक्ष्य है कि होटल, बस, ट्रेन और स्थानीय साइटसीइंग की बुकिंग सिर्फ एक क्लिक में पूरी हो जाए। इतना ही नहीं, युवाओं और छात्रों को वित्तीय सहूलियत देने के लिए ऐप में 'ट्रैवल नाउ, पे लेटर' (Travel Now, Pay Later) यानी 'अभी यात्रा करें, भुगतान बाद में करें' का आधुनिक फिनटेक विकल्प भी जोड़ा जा रहा है, ताकि बजट की तात्कालिक कमी किसी के घूमने के शौक में आड़े न आए।
क्लासरूम से निकला आइडिया, जल्द लॉन्चिंग की तैयारी
'टिप 2 ट्रिप' को आकार देने वाले तीनों युवा इंजीनियर क्लासरूम और प्रयोगशाला के व्यस्त अकादमिक शेड्यूल के साथ-साथ अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट को सफल कमर्शियल स्टार्टअप में बदलने के लिए दिन-रात पसीना बहा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि स्टार्टअप बिहार से मिले 10 लाख रुपये के सहयोग ने उनके विचार को मजबूती दी है। फिलहाल ऐप अपने अंतिम डेवलपमेंट और टेस्टिंग चरण में है। सभी सुरक्षा मानकों और तकनीकी परीक्षणों के बाद बहुत जल्द इसे आम यात्रियों और पर्यटकों के लिए प्ले स्टोर पर लॉन्च कर दिया जाएगा।
