भागलपुर में बनेगा आम का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जर्दालु को मिलेगी वैश्विक पहचान
भागलपुर के शाहकुंड में जर्दालु आम के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा, जिसे केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। ...और पढ़ें
-1782502503625_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
जर्दालु आम के लिए शाहकुंड में उत्कृष्टता केंद्र बनेगा।
केंद्र सरकार की स्वीकृति के बाद स्थल निरीक्षण पूरा।
किसानों को आधुनिक बागवानी और प्रसंस्करण का प्रशिक्षण मिलेगा।
नवनीत मिश्र, भागलपुर। भागलपुर के प्रसिद्ध जर्दालु आम को वैश्विक पहचान दिलाने की कवायद तेज हो गई है। शाहकुंड प्रखंड के प्रोजनीबाग में जल्द आम का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा।
केंद्र सरकार की स्वीकृति के बाद केंद्रीय टीम स्थल निरीक्षण कर लौट चुकी है। जिसके बाद उद्यान विभाग परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने में जुट गया है।
हाल ही में केंद्रीय टीम ने मशव के परियोजना पदाधिकारी बृहमा देव और उद्यान निदेशालय के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।
टीम ने चयनित भूमि का नक्शा, चौहद्दी और तकनीकी रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पाया गया कि भूमि का पश्चिमी हिस्सा ऊंचा और पूर्वी हिस्सा नीचा है। ऐसे में निर्माण से पहले भूमि समतलीकरण (लेवलिंग) आवश्यक होगा।
भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ई. राकेश रंजन ने अंचलाधिकारी शाहकुंड से चयनित भूमि की चौहद्दी और नक्शा उपलब्ध कराने को कहा है।
मुख्य वास्तुविद के निर्देश पर स्थल की विस्तृत मापी कराई जा रही है, जिसमें दिशा, पहुंच मार्ग और आसपास की भौगोलिक स्थिति का पूरा विवरण शामिल होगा।
करीब 25 एकड़ में बनने वाले इस हाईटेक सेंटर में पॉली हाउस, नेट हाउस, आधुनिक नर्सरी, किसानों के लिए प्रशिक्षण एवं आवासीय सुविधा तथा कार्यालय-सह-गोदाम का निर्माण होगा। परिसर की चहारदीवारी का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा अंतिम चरण में कराया जा रहा है।
परियोजना को दिया जा रहा अंतिम रूप
परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए उद्यान विभाग ने मिट्टी के भौतिक, रासायनिक और जैविक परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राज्य बागवानी मिशन के निदेशक अभिषेक कुमार ने अधिकारियों को जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसी आधार पर तकनीकी डिजाइन तैयार होगा। केंद्र में जर्दालु, आम्रपाली, बंबई, मालदह और मल्लिका प्रजाति के गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार किए जाएंगे।
पीएम मोदी ने किया था एलान
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2025 को भागलपुर दौरे के दौरान जर्दालु आम के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की घोषणा की थी। केंद्र सरकार से स्वीकृति और राशि मिलने के बाद अब राज्य सरकार निर्माण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
खबरें और भी
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीक, उन्नत पौध प्रबंधन, रोग नियंत्रण और आम के प्रसंस्करण का प्रशिक्षण एक ही परिसर में मिलेगा।
इससे उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार के साथ जर्दालु आम के निर्यात को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
यह भी पढ़ें- पटना में कार्बाइड-मुक्त आमों की मची धूम, स्वर्णरेखा और मल्लिका बने आकर्षण