JLNMCH Bhagalpur New Hostel: 500 मेडिकल छात्रों को राहत, 5 नए हॉस्टल की मुख्यालय से मंजूरी; BMSICL करेगी निर्माण
JLNMCH Bhagalpur New Hostel: भागलपुर के JLNMCH में 5 नए हॉस्टल बनाने को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है, जिससे ...और पढ़ें

JLNMCH Bhagalpur New Hostel: जर्जर हॉस्टल के डर और किराए के मकान से मिलेगी मुक्ति। यह तस्वीर मेडिकल कॉलज में सरस्वती पूजा के समय की है।
HighLights
5 नए हॉस्टलों के निर्माण को मुख्यालय से मिली मंजूरी।
500 मेडिकल छात्रों को मिलेगी सुरक्षित और आधुनिक आवासीय सुविधा।
हॉस्टल निर्माण से छात्रों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। JLNMCH Bhagalpur New Hostel: जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) के अंडरग्रेजुएट (यूजी) और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) मेडिकल छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। कॉलेज परिसर में आवास की विकट समस्या को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने पांच नए हॉस्टल निर्माण की बहुप्रतीक्षित योजना को अपनी औपचारिक स्वीकृति दे दी है। निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने के लिए कॉलेज प्राचार्य और निर्माण एजेंसी बीएमएसआईसीएल (बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड) के अधिकारियों के बीच प्रारंभिक बैठक संपन्न हो चुकी है।
प्राचार्य ने रविवार को हॉस्टल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। सोमवार को जमीन उपलब्धता की आधिकारिक रिपोर्ट मुख्यालय और निर्माण एजेंसी बीएमएसआईसीएल को प्रेषित कर दी जाएगी। पांच नए हॉस्टलों के बन जाने से करीब 500 मेडिकल छात्रों को सुरक्षित और आधुनिक आवासीय सुविधा सुलभ हो सकेगी।
चार छात्रों और एक छात्राओं के लिए बनेगा हॉस्टल
विगत दिनों पटना मुख्यालय में विभागीय सचिव के साथ आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने कॉलेज में छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आठ नए हॉस्टलों के निर्माण का प्रस्ताव रखा था। गहन विमर्श के बाद मुख्यालय स्तर से पांच हॉस्टलों के निर्माण पर सहमति बनी।
जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (JLNMCH) भागलपुर में 5 नए आधुनिक हॉस्टलों के निर्माण को स्वास्थ्य मुख्यालय की हरी झंडी
चार हॉस्टल छात्रों के लिए और एक हॉस्टल छात्राओं के लिए होगा निर्मित; प्रत्येक हॉस्टल में होंगे 50 कमरे
सबौर रोड बस डिपो के पास और सुंदरवन के समीप कॉलेज की जमीन हुई चिह्नित, सोमवार को भेजी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
करीब 500 यूजी और पीजी मेडिकल छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ; जर्जर आईजी कोठी व मंडल कोठी हॉस्टल से मिलेगी निजात
मुख्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद विभागीय सचिव के निर्देश पर बीएमएसआईसीएल के महाप्रबंधक (जीएम) शनिवार को प्राचार्य से मिलने पहुंचे और निर्माण स्थल के संबंध में तकनीकी जानकारी मांगी। प्राचार्य ने त्वरित पहल करते हुए स्थल का चयन कर लिया है। छात्राओं के लिए नया हॉस्टल सबौर रोड स्थित बस डिपो के समीप कॉलेज की जमीन पर बनाया जाएगा, जहां पहले से भी छात्राओं का हॉस्टल संचालित है। वहीं छात्रों के लिए हॉस्टल का निर्माण सुंदरवन के पास स्थित कॉलेज की जमीन पर प्रस्तावित किया गया है।
50 कमरों का होगा एक हॉस्टल, किराए के मकानों से मिलेगी मुक्ति
परियोजना के अनुसार, प्रत्येक हॉस्टल 50 कमरों का होगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन पांचों हॉस्टलों के तैयार होने से कम से कम 500 छात्र-छात्राओं को कैंपस में ही रहने की मुकम्मल व्यवस्था मिल जाएगी।
वर्तमान समय में हॉस्टल की समुचित सुविधा न होने के कारण सैकड़ों यूजी और पीजी छात्रों को शहर में महंगे किराए के मकानों और निजी लॉज में रहने को विवश होना पड़ रहा है। वर्तमान में संचालित आईजी कोठी और मंडल कोठी स्थित दोनों पुराने हॉस्टल पूरी तरह जर्जर और खस्ताहाल हो चुके हैं, जिससे वहां हर समय किसी अनहोनी का खतरा मंडराता रहता है। नए हॉस्टल बनने से छात्रों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। आगामी दिनों में एजेंसी के साथ प्राचार्य की तकनीकी बैठक होगी, जिसमें हॉस्टल के नक्शे और डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा।
"मुख्यालय से नए हॉस्टल निर्माण को लेकर औपचारिक सहमति मिल चुकी है। बीएमएसआईसीएल के अधिकारियों के साथ तकनीकी पहलुओं पर बैठक हो चुकी है। जमीन चिह्नित कर ली गई है और सोमवार को जमीन की उपलब्धता रिपोर्ट मुख्यालय व एजेंसी को भेज दी जाएगी। हॉस्टल निर्माण से छात्र-छात्राओं को काफी सहूलियत होगी।"
