विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवार पर बैठा था बड़ा चीता, देखते ही मची चीख-पुकार! बाढ़ के बीच भागलपुर के रिहायशी इलाके में घुसा वन्यजीव

Published: Mon, 07 Sep 2026 01:57 PM (IST)

भागलपुर के नाथनगर के चंपानगर में रविवार रात एक घनी आबादी वाले मोहल्ले में जंगली जानवर (चीता/तेंदुआ) दिखने से हड़कंप ...और पढ़ें

Bhagalpur Champanagar Leopard Sighting: नाथनगर के चंपानगर में दीवार पर बैठा दिखा चीता, म.वि. मसकन बरारीपुर के पास दहशत; पुलिस-वन विभाग अलर्ट

Bhagalpur Champanagar Leopard Sighting: नाथनगर के चंपानगर में दीवार पर बैठा दिखा चीता, म.वि. मसकन बरारीपुर के पास दहशत; पुलिस-वन विभाग अलर्ट

HighLights

  1. चंपानगर में रविवार रात दिखा बड़ा जंगली जानवर।

  2. बाढ़ के कारण आबादी में घुसने की आशंका जताई गई।

  3. वन विभाग और पुलिस टीम रेस्क्यू के लिए अलर्ट।

संवाद सूत्र, नाथनगर (भागलपुर)। Bhagalpur Champanagar Leopard Sighting: भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपानगर में रविवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घनी आबादी वाले मोहल्ले में बड़े जंगली जानवर (चीता/तेंदुआ) के दिखने की खबर आई।

वार्ड नंबर एक स्थित मध्य विद्यालय मसकन बरारीपुर के पास रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे जंगली जानवर को प्रत्यक्ष देखने का दावा किए जाने के बाद समूचे इलाके में हड़कंप मच गया। खबर जंगल की आग की तरह फैलते ही चंपानगर और आसपास के मोहल्लों के लोग खौफ के साए में आ गए और एहतियातन अपने-अपने घरों के दरवाजे बंद कर भीतर दुबक गए।

  • भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपानगर स्थित मध्य विद्यालय मसकन बरारीपुर के पास दिखा बड़ा जंगली जानवर (चीता/तेंदुआ)

  • काली स्थान से सटे जंगल की चारदीवारी पर बैठे जानवर को देख प्रत्यक्षदर्शियों ने मचाया शोर, दीवार से छलांग लगाकर जंगल में छिपा

  • इलाके में दहशत का माहौल, लोगों ने घरों के दरवाजे किए बंद; बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर सहमे लोग

  • बाढ़ के कारण सुरक्षित ठिकाने की तलाश में आबादी की ओर आने की आशंका; नाथनगर पुलिस और वन विभाग को दी गई सूचना 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मसकन स्कूल के समीप स्थित काली स्थान से सटे जंगल की चारदीवारी पर स्थानीय लोगों ने रविवार की रात करीब 8:30 बजे इस विशालकाय जानवर को बैठा देखा। प्रत्यक्षदर्शी कृष्ण मोहन घोषाल उर्फ नेशु और उनके भाई दिवाकर कुमार घोषाल ने बताया कि उनका घर स्कूल के बिल्कुल पास ही स्थित है। रात के समय भोजन के उपरांत वे घर के बाहर टहल रहे थे, तभी अचानक उनकी नजर जंगल की बाउंड्री वॉल पर पड़ी। वहां एक बड़ा चीता आराम से बैठा नजर आया।

शोर मचाने पर दीवार से कूदा, जंगल में जाकर छिपा

आंखों के सामने आदमखोर जानवर को देखकर दोनों भाइयों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू किया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के घरों से कई अन्य लोग भी बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई लोगों की मौजूदगी के बीच अचानक जानवर दीवार से नीचे जमीन पर कूदा और तेजी से छलांग लगाते हुए पास के घने जंगल व झाड़ियों में जाकर ओझल हो गया। दहशत और अफरातफरी का माहौल इतना गहरा था कि किसी को भी मोबाइल से उसकी तस्वीर या वीडियो रिकॉर्ड करने की हिम्मत नहीं हुई।

घटना के बाद से मसकन बरारीपुर और चंपानगर मोहल्ले में भारी भय का वातावरण है। ग्रामीणों को डर सता रहा है कि अंधेरा बढ़ते ही जानवर दोबारा आबादी में घुसकर बच्चों अथवा मवेशियों को अपना शिकार बना सकता है।

बाढ़ के कारण आबादी में आने की आशंका, वन विभाग को सूचना

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने त्वरित पहल की है। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि देवाशीष बनर्जी और वार्ड दो की पार्षद सोनी देवी ने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क साधा। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वर्तमान में गंगा के उफान और निचले कछारी इलाकों में बाढ़ का पानी भर जाने के कारण जंगली जानवर अपने प्राकृतिक ठिकानों से भटककर ऊंचे रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं।

उन्होंने मांग की है कि वन विभाग की विशेषज्ञ टीम ट्रैंकुलाइजर गन और पिंजरे के साथ तत्काल पहुंचकर जानवर को रेस्क्यू करे, अन्यथा मोहल्ले पर बड़ा खतरा मंडराता रहेगा। इधर, मामले को लेकर नाथनगर इंस्पेक्टर परमेश्वर सहनी ने बताया कि चंपानगर क्षेत्र में जंगली जानवर दिखने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा दी गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस बल को सतर्क कर मौके पर गश्त और जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही वन प्रमंडल पदाधिकारी और वन विभाग की रेस्क्यू टीम को स्थिति से अवगत करा दिया गया है, ताकि समय रहते जानवर की धरपकड़ की जा सके।