Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर में दुखद हादसा: 6 दिन बाद थी शादी, खगड़िया के युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान  

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 09:58 PM (GMT+05:30)

    भागलपुर के नाथनगर में 24 वर्षीय युवक इलु कुमार ने विक्रमशिला एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी, जिसकी शादी 6 दिन बाद होनी थी। लग्न की रस्म पूरी होने ...और पढ़ें

    भागलपुर में रेल दुर्घटना। फोटो जागरण

    भागलपुर में रेल दुर्घटना। फोटो जागरण

    HighLights

    1. नाथनगर में युवक ने विक्रमशिला एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दी।

    2. मृतक इलु कुमार की शादी 6 दिन बाद होनी थी, परिवार सदमे में।

    3. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोबाइल पर बात करते हुए ट्रैक पर कूदा।

    संवाद सहयोगी, नाथनगर। भागलपुर में नाथनगर के पश्चिमी केबिन के पास शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक ने विक्रमशिला एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। इस घटना में युवक के दोनों पैर कटकर शरीर से अलग हो गए।

    मृतक की पहचान खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी 24 वर्षीय इलु कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से हलवाई था और नाथनगर में किराये के मकान में रहकर काम करता था।

    मृतक की मौसी ने बताया कि इलु की शादी 24 जुलाई को नवगछिया के खरीक प्रखंड में होनी थी। शुक्रवार रात ही परिवार के लोग लग्न की रस्म पूरी कर लौटे थे। ऐसे में घटना से परिवार सदमे में है। स्वजन यह नहीं समझ पा रहे कि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

    मोबाइल में बात करते-करते ट्रेन के सामने कूदा 

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के कान में हेडफोन लगा था और वह प्लेटफार्म के पास टहलते हुए मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही विक्रमशिला एक्सप्रेस को देखकर वह अचानक रेलवे ट्रैक पर लेट गया।

    ट्रेन की चपेट में आने से उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया। रेल पुलिस ने तत्काल उसे जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    पोस्टमार्टम के बाद जीआरपी ने शव स्वजनों को सौंप दिया है। मृतक के बड़े भाई कैलाश प्रसाद साह ने बताया कि रेलवे फाटक पार करने के दौरान हादसा हुआ। रेलवे प्रशासन ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या माना है।

    प्रथम दृष्टया मामला युवक के ट्रेन के सामने आने का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। स्वजनों से जो भी शिकायत मिलेगी, उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। - नसीम अहमद, थानाध्यक्ष, जीआरपी, भागलपुर