विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा-कोसी के जलस्तर में बढ़ोतरी से बढ़ी चिंता; खतरे के करीब पहुंचा पानी, नवगछिया तटबंधों की टो को छू रही नदी

Published: Thu, 13 Aug 2026 06:15 AM (IST)

नवगछिया अनुमंडल में गंगा और कोसी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे तटवर्ती ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ गई ...और पढ़ें

इस्माईलपुर-बिंदटोली में चेतावनी स्तर से महज 2 सेंटीमीटर नीचे गंगा; 24 घंटे में 15 से 23 सेमी तक बढ़ा जलस्तर

इस्माईलपुर-बिंदटोली में चेतावनी स्तर से महज 2 सेंटीमीटर नीचे गंगा; 24 घंटे में 15 से 23 सेमी तक बढ़ा जलस्तर


HighLights

  1. नवगछिया में गंगा-कोसी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

  2. इस्माईलपुर-बिंदटोली में गंगा चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंची।

  3. अधिकारी स्थिति को नियंत्रण में बता रहे हैं, तटबंधों की चौकसी जारी।

संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि ने तटवर्ती इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जल संसाधन विभाग द्वारा बुधवार (12 अगस्त) की सुबह 6 बजे जारी दैनिक जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में इस्माईलपुर-बिंदटोली में गंगा के जलस्तर में 15 सेंटीमीटर और राघोपुर में 23 सेंटीमीटर की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है।

वहीं दूसरी ओर, कोसी नदी के जलस्तर में मदरौनी के पास 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि चोरहर स्थल पर कोसी का जलस्तर फिलहाल स्थिर बना हुआ है। नदियों में उफान के कारण तटबंधों पर पानी का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

इस्माईलपुर-बिंदटोली में चेतावनी स्तर के मुहाने पर गंगा, तटबंध को छू रहा पानी

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-7 पर गंगा का जलस्तर बढ़कर 30.58 मीटर के आंकड़े पर पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि इस स्थान पर चेतावनी स्तर 30.60 मीटर निर्धारित है। यानी नदी का जलस्तर चेतावनी निशान से महज 2 सेंटीमीटर नीचे रह गया है और नदी का तेज बहाव तटबंध के टो (Toe) को सीधे छू रहा है।

इसी प्रकार, राघोपुर में गंगा का जलस्तर 23 सेंटीमीटर उछाल के साथ 31.68 मीटर दर्ज किया गया है, जहां चेतावनी स्तर 32.68 मीटर तथा खतरे का निशान 33.68 मीटर है। काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के कई हिस्सों में नदी का पानी तटबंध के निचले हिस्से (टो) को स्पर्श कर रहा है, हालांकि विभागीय अभियंताओं ने स्थिति को फिलहाल सुरक्षित बताया है।

चोरहर में चेतावनी स्तर से 8 सेमी ऊपर बह रही कोसी, मदरौनी में भी बढ़ा जलस्तर

कोसी नदी की बात करें तो मदरौनी में 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी के साथ जलस्तर 30.22 मीटर पहुंच गया है, जो चेतावनी स्तर (30.48 मीटर) से 26 सेंटीमीटर नीचे है। यहां फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।

वहीं जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर 30.85 मीटर पर स्थिर बना हुआ है। चोरहर में नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर (30.77 मीटर) से 8 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है, जिससे बागजान जमींदारी बांध के विभिन्न हिस्सों पर पानी का दबाव बना हुआ है।

विभागीय अधिकारी मुस्तैद, तटबंधों की 24 घंटे की जा रही है चौकसी

चारों प्रमुख जलमापक स्थलों की समीक्षा से स्पष्ट है कि इस्माईलपुर-बिंदटोली और राघोपुर में गंगा के तेजी से बढ़ते जलस्तर ने सबसे अधिक प्रशासनिक व स्थानीय चिंता बढ़ाई है। हालांकि, चोरहर में जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर होने के बावजूद पिछले कुछ घंटों से स्थिर है।

तटबंधों की सुरक्षा और कटाव की किसी भी आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग की ओर से 24 घंटे गश्ती और चौकसी बरती जा रही है। मामले में कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और तटबंध सुरक्षित हैं।