Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नीतीश कुमार ही बिहार में बनने वाली नई सरकार का नेतृत्व करेंगे, भागलपुर में समृद्धि यात्रा में मंत्री ने दिया संकेत

    Updated: Wed, 18 Mar 2026 05:59 AM (GMT+05:30)

    भागलपुर में समृद्धि यात्रा के दौरान मंत्री विजय चौधरी ने संकेत दिया कि भविष्य में बिहार में एनडीए सरकार का नेतृत्व नीतीश कुमार ही करेंगे।  मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

    ब‍िहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि एनडीए सरकार को आगे बढ़ाना है। इस दोरान मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी।

    ब‍िहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि एनडीए सरकार को आगे बढ़ाना है। इस दोरान मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी।

    HighLights

    1. नीतीश कुमार ही करेंगे बिहार में एनडीए सरकार का नेतृत्व।

    2. समृद्धि यात्रा का उद्देश्य विकास और रोजगार को बढ़ावा देना।

    3. पलायन रोकने और महिलाओं को आर्थिक सहायता पर जोर।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के बैजानी में आयोजित ब‍िहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि एनडीए सरकार को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एनडीए सरकार जो भी होगी, वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी।

    समृद्धि यात्रा का उद्देश्य

    मंत्री विजय चौधरी ने बताया कि न्याय यात्रा से शुरू हुआ यह अभियान अब विकास और समृद्धि के पड़ाव पर पहुंच चुका है। बीते 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और बिजली सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि विकास की गति को बनाए रखने के लिए सभी लोग एकजुट होकर एनडीए का साथ दें।

    समृद्धि यात्रा का उद्देश्य लोगों को विकास से जोड़ना और राज्य को आगे बढ़ाना है। मंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और आगे भी बड़े स्तर पर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री का भाषण और विपक्ष पर हमला

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पहले सत्ता में रहे, लेकिन कोई ठोस काम नहीं किया। जब खुद हटे तो अपने पत्नी को आगे कर दिया। उन्होंने मंच से लोगों को खड़े होकर बोलने के लिए कहा कि “हमने काम किया है, बिहार को आगे बढ़ाया है और आगे भी राज्य को बेहतर बनाएंगे।”

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि पहले राज्य में भय और अव्यवस्था का माहौल था, लेकिन अब कानून व्यवस्था मजबूत है और हर वर्ग के लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

    रोजगार और पलायन पर रोक

    उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार से मजदूरी के लिए होने वाले पलायन को रोकने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि अब ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने 2005 के हालात का जिक्र करते हुए बताया कि तब सड़क, बिजली और शिक्षा की स्थिति खराब थी, लेकिन अब बिहार में सड़क नेटवर्क 6000 किमी से बढ़कर 1.40 लाख किमी हो चुका है और बजट 23 हजार करोड़ से बढ़कर 3.47 लाख करोड़ पहुंच गया है।

    उद्योग और स्वरोजगार पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि 1.81 करोड़ महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है, जबकि शेष आवेदनों का भुगतान एक माह में किया जाएगा। इससे राज्य में रोजगार बढ़ेगा और पलायन पर रोक लगेगी।

    राज्यसभा चुनाव के बाद पहली यात्रा

    राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद समृद्धि यात्रा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहली सभा थी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने हाथ उठाबो हो कहते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी को मंच पर आगे बुलाया और एकजुटता का संदेश दिया।

    मंच पर दोनों नेताओं के आने के साथ ही सभा में मौजूद भीड़ ने जोरदार उत्साह दिखाया। कार्यकर्ताओं ने सम्राट चौधरी के लिए जिंदाबाद के नारे लगाए और कई लोगों ने उन्हें भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखने की बात कही। विजय चौधरी को भी महत्वपूर्ण भूमिका में आगे बढ़ते देखने की चर्चा रही।