Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अच्छी खबर! पीरपैंती स्‍टेशन में यार्ड रीमॉडलिंग तेज, माल ढुलाई और रेल यात्रियों दोनों को फायदा

    Updated: Sun, 03 May 2026 11:19 AM (IST)

    मालदा मंडल के एडीआरएम ने पीरपैंती रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां यार्ड रीमॉडलिंग और प्लेटफॉर्म विस्तार की समीक्षा की गई। इससे माल ढुलाई और यात्री ...और पढ़ें

    अब बदलेगा पीरपैंती रेलवे स्टेशन: एडीआरएम निरीक्षण के बाद तेज होंगे विकास कार्य

    अब बदलेगा पीरपैंती रेलवे स्टेशन: एडीआरएम निरीक्षण के बाद तेज होंगे विकास कार्य


    HighLights

    1. एडीआरएम ने पीरपैंती स्टेशन पर विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

    2. यार्ड रीमॉडलिंग से माल ढुलाई क्षमता में वृद्धि होगी।

    3. लक्ष्मीपुर भोरंग हॉल्ट का भी बड़े स्टेशन के रूप में विकास।

    संवाद सूत्र, पीरपैंती (भागलपुर)। मालदा मंडल के अपर रेल प्रबंधक (एडीआरएम) अमरेंद्र कुमार मौर्य ने शनिवार को पीरपैंती रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। भागलपुर से लौटने के क्रम में वे अधिकारियों की टीम के साथ दोपहर करीब तीन बजे स्टेशन पहुंचे और लगभग 40 मिनट तक विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया।

    निरीक्षण के दौरान सीनियर डीओएम राहुल कुमार, सेक्शनल इंचार्ज बीबी तिवारी, सीनियर डीसीएम कार्तिकेय सिंह समेत मालदा मंडल के कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एडीआरएम ने खासतौर पर यार्ड रीमॉडलिंग से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

    प्लेटफार्म की लंबाई में होगा बदलाव

    निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पीरपैंती स्टेशन के प्लेटफार्म में आंशिक बदलाव किया जाएगा। पूर्वी दिशा में प्लेटफार्म की लंबाई कुछ कम की जाएगी, जबकि पश्चिमी दिशा में करीब 100 मीटर तक विस्तार किया जाएगा।

    इसके साथ ही स्टेशन के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर यार्ड रीमॉडलिंग को लेकर इंजीनियरिंग विभाग से विस्तृत जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि यह बदलाव ट्रेनों के बेहतर संचालन और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

    लोडिंग पॉइंट पर वार्फ निर्माण की योजना

    स्टेशन के पूर्वी छोर पर स्थित लोडिंग पॉइंट का भी एडीआरएम ने निरीक्षण किया। यहां वार्फ (प्लेटफार्म जैसी संरचना) निर्माण की योजना बनाई गई है, जिससे माल ढुलाई के दौरान किसी प्रकार की बाधा न हो।

    खबरें और भी

    बरसात के दिनों में गाड़ियों के फंसने की समस्या सामने आती है। ऐसे में वार्फ के निर्माण से इस परेशानी का समाधान होगा और लोडिंग प्रक्रिया अधिक सुगम बन सकेगी।

    फुल रैक क्षमता वाला यार्ड बनेगा

    एडीआरएम ने बताया कि पीरपैंती में यार्ड की लंबाई बढ़ाई जाएगी और इसे फुल रैक क्षमता के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे सीमेंट अनलोडिंग, गिट्टी और मक्का लोडिंग के लिए पूरी रैक तैयार की जा सकेगी।

    उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पीरपैंती-गोड्डा रेल मार्ग का टेंडर हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। साथ ही पैनल रूम में कनेक्शन जोड़ने का कार्य भी अगले दो महीने में शुरू होने की संभावना है।

    लक्ष्मीपुर भोरंग हॉल्ट का भी होगा विकास

    एडीआरएम ने कहा कि लक्ष्मीपुर भोरंग हॉल्ट को बड़े स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां से अदानी पावर प्लांट के लिए रेलवे रैक भेजी जाएगी। लक्ष्मीपुर में प्लेटफार्म की संख्या बढ़ाई जाएगी और उसकी लंबाई का भी विस्तार किया जाएगा, जिससे भविष्य में यात्री और माल ढुलाई दोनों को सुविधा मिल सके।

    विधायक ने उठाई स्टॉपेज की मांग

    निरीक्षण के दौरान पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान ने एडीआरएम से मुलाकात कर स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने और महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी। विधायक ने क्षेत्र में हो रहे रेलवे विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिलेगा।