JEE Advanced 2026: प्रियांशु व प्रिंस ने किया साबित, मेहनत का फल मीठा होता है, दिलाई ऐसी मंजिल कि सबने कहा Well done
सहरसा जिले के प्रियांशु ऋषभ और प्रिंस कुमार परशुरामपुरिया ने जेईई एडवांस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता ने साबित ...और पढ़ें

सहरसा - युवाओं के लिए प्रेरणा बने प्रियांशु और प्रिंस, JEE Advanced में सफलता से बढ़ाया गौरव
जागरण टीम, सहरसा। जेईई एडवांस परीक्षा के परिणाम में सहरसा जिले के दो छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। शहर से लेकर गांव तक दोनों छात्रों की सफलता की चर्चा हो रही है। प्रियांशु ऋषभ और प्रिंस कुमार परशुरामपुरिया ने कठिन मानी जाने वाली इस परीक्षा में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
दोनों छात्रों की सफलता से परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
पुरीख गांव के प्रियांशु ने हासिल की शानदार रैंक
सत्तरकटैया प्रखंड अंतर्गत पुरीख गांव निवासी प्रियांशु ऋषभ ने जेईई एडवांस में ऑल इंडिया स्तर पर 9714वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रियांशु शिक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह और रश्मि सिंह के पुत्र हैं।
परिवारजनों के अनुसार प्रियांशु शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं। गणित और विज्ञान विषयों में उनकी विशेष रुचि रही है। नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
प्रियांशु की सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
दादा ने बताया मेहनत और अनुशासन का परिणाम
प्रियांशु के दादा एवं पुरीख पंचायत के मुखिया ब्रह्मदेव सिंह ने पोते की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बचपन से ही प्रियांशु की वैज्ञानिक सोच और अध्ययन के प्रति समर्पण स्पष्ट दिखाई देता था।
उन्होंने कहा कि यह सफलता उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। परिवार को हमेशा विश्वास था कि वह किसी बड़े मुकाम तक पहुंचेगा। ग्रामीणों का मानना है कि प्रियांशु की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी।
खबरें और भी
शहर के प्रिंस ने भी बढ़ाया सहरसा का गौरव
वहीं सहरसा शहर के गांधी पथ निवासी राजेश परशुरामपुरिया के पुत्र प्रिंस कुमार परशुरामपुरिया ने भी जेईई एडवांस में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रिंस ने अखिल भारतीय स्तर पर 21301वीं रैंक प्राप्त की है। वहीं ओबीसी श्रेणी में उनकी रैंक 5846 रही है।
प्रिंस की सफलता से परिवार, मुहल्ले और मारवाड़ी समाज में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही लोगों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि प्रिंस की उपलब्धि पूरे कोसी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
मेहनत और संकल्प की मिसाल बने प्रिंस
परिजनों के अनुसार प्रिंस ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। उन्होंने नियमित अध्ययन और अनुशासित दिनचर्या के माध्यम से इस मुकाम को हासिल किया।
मारवाड़ी युवा मंच सहरसा इकाई ने प्रिंस को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मंच के सदस्यों ने कहा कि प्रिंस ने अपनी सफलता से युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
छात्रों की सफलता से जिले में उत्साह
प्रियांशु और प्रिंस की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सहरसा जैसे जिले के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। दोनों छात्रों की उपलब्धि से जिले के विद्यार्थियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
बधाई देने वालों में राकेश परशुरामपुरिया, आदित्य मित्तल, राजेश जदुका, सुमित केजरीवाल, विनीत अग्रवाल, रोहित तुलस्यान, आनंद अग्रवाल, आनंद भीमसेरिया, विपुल दहलान, संजय रजक, रतन दास सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं।
शिक्षकों और अभिभावकों का कहना है कि इन दोनों छात्रों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने का हौसला देगी।