South Bihar Power Update : बिलिंग सिस्टम अपग्रेड, ‘सुविधा बिहार ऐप’ से मिलेंगी सभी सेवाएं; पुराना ऐप बंद
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) ने अपने बिलिंग सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर दिया है, जिससे सभी ऑनलाइन सेवाएं अब नए 'सुविधा बिहार ऐप' ...और पढ़ें

South Bihar Power Update : अब ‘सुविधा बिहार ऐप’ से मिलेंगी सभी सेवाएं, बिलिंग सिस्टम हुआ अपग्रेड
HighLights
SBPDCL ने बिलिंग सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया।
सभी सेवाएं अब नए 'सुविधा बिहार ऐप' पर।
पुराना ऐप बंद, शुरुआती तकनीकी दिक्कतें जल्द होंगी दूर।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) ने बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर और तेज सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपने बिलिंग सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर दिया है। नया अत्याधुनिक बिलिंग सिस्टम सोमवार से लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही बिजली बिल और उपभोक्ता सेवाओं से जुड़ी सभी ऑनलाइन सुविधाएं अब नए ‘सुविधा बिहार ऐप’ पर उपलब्ध होंगी।
नए सिस्टम के लागू होने के पहले दिन कई उपभोक्ताओं को तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ उपभोक्ताओं ने ऐप लॉगिन, बिजली बिल देखने और अन्य ऑनलाइन सेवाओं के उपयोग में दिक्कतों की शिकायत की। हालांकि विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह समस्या सॉफ्टवेयर माइग्रेशन के कारण शुरुआती चरण में सामने आई है और इसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।
पुराने ऐप को किया गया बंद
विद्युत आपूर्ति अंचल, भागलपुर के अधीक्षण अभियंता संजय बारियो ने बताया कि पुराना ‘सुविधा मोबाइल ऐप’ अब पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को अब सभी सेवाओं के लिए नया ‘सुविधा बिहार ऐप’ डाउनलोड करना अनिवार्य होगा, जो गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि नया ऐप उपभोक्ताओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाएं देगा, जिससे सेवाओं में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ेगी।
एक ही ऐप पर मिलेंगी सभी सेवाएं
नए ऐप के माध्यम से उपभोक्ता अब अपने बिजली बिल को डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही नए कनेक्शन के लिए आवेदन, लोड बढ़ाने या घटाने, नाम सुधार और अन्य उपभोक्ता सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। इससे उपभोक्ताओं को बिजली कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विभाग का दावा है कि यह नया सिस्टम पूरी तरह डिजिटल और यूजर-फ्रेंडली है, जिससे सेवाओं में तेजी आएगी और शिकायतों का निपटारा भी जल्द होगा।
खबरें और भी
शुरुआती दिक्कतों पर विभाग का आश्वासन
पहले दिन आई तकनीकी दिक्कतों पर विभाग ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम को पूरी तरह स्थिर होने में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन जल्द ही सभी सेवाएं सुचारु रूप से काम करने लगेंगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नया ऐप जल्द से जल्द इंस्टॉल करें और किसी भी समस्या की स्थिति में अपने नजदीकी विद्युत कार्यालय से संपर्क करें।