STPI Bhagalpur : सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क से भागलपुर में बढ़ेगा डिजिटल कारोबार, EBIA प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
भागलपुर में सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल कारोबार को बढ़ावा देने के लिए ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ईबिया) ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी ...और पढ़ें

ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ईबिया) के प्रतिनिधिमंडल ने एसटीपीआई भागलपुर के निदेशक और उप निदेशक से की बैठक
HighLights
ईबिया ने एसटीपीआई भागलपुर के अधिकारियों से की मुलाकात।
आईटी और डिजिटल उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा।
नए स्टार्टअप्स और रोजगार के अवसर होंगे सृजित।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर सहित पूरे पूर्वी बिहार में सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल कारोबार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ईबिया) का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष आलोक अग्रवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), भागलपुर पहुंचा। वहां प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र के निदेशक संजय कुमार और उप निदेशक रत्नेश रंजन के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर आईटी और डिजिटल उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
बैठक के दौरान निदेशक संजय कुमार ने बताया कि एसटीपीआई केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों में सॉफ्टवेयर विकास, आईटी आधारित सेवाओं (ITeS) और डिजिटल उद्यमिता को मजबूत करना है।
उप निदेशक रत्नेश रंजन ने बताया कि मीराचक, बरारी स्थित एसटीपीआई परिसर में आधुनिक प्लग-एंड-प्ले वर्कस्टेशन, निर्बाध हाई-स्पीड इंटरनेट, साझा कार्यस्थल (को-वर्किंग स्पेस) और जरूरी तकनीकी सहायता उपलब्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईबिया जैसे औद्योगिक संगठन स्थानीय उद्यमियों और एसटीपीआई के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभा सकते हैं।
पारंपरिक उद्योग और स्टार्टअप्स का बनेगा नया इकोसिस्टम
ईबिया अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि एसटीपीआई भागलपुर न केवल नए स्टार्टअप्स के लिए, बल्कि पारंपरिक उद्योगों के डिजिटाइजेशन और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए भी एक मजबूत आधार साबित होगा। यदि इस केंद्र को स्थानीय उद्योग, शिक्षण संस्थानों और युवा इनोवेटर्स से जोड़ा जाए, तो क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार और आर्थिक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं में प्रतिभा और नवाचार की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही प्लेटफॉर्म, मार्गदर्शन और आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की दरकार है।
युवाओं और उद्योग को जोड़ने के लिए बनेगी साझा कार्ययोजना
संगठन के महासचिव अमर्त्य बंधुल ने कहा कि एसटीपीआई की सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर स्थानीय युवाओं, उद्यमियों और कॉलेजों को इस नेटवर्क से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ईबिया जल्द ही सरकार, जिला प्रशासन, उद्योग जगत और प्रमुख शिक्षण संस्थानों के साथ मिलकर एक साझा कार्ययोजना तैयार करेगा।
इस अवसर पर कार्यसमिति सदस्य राजीव प्रदीप ने एसटीपीआई निदेशक संजय कुमार को ईबिया के आधिकारिक न्यूजलेटर की प्रति भेंट की। बैठक में सदस्य नवीन कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
