Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुल्तानगंज शूटआउट : भागलपुर में श्रद्धांजलि सभाओं में उमड़ा आक्रोश, ईओ कृष्ण भूषण की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण

    Updated: Thu, 30 Apr 2026 08:11 AM (IST)

    सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के बाद भागलपुर जिले में शोक की लहर है। विभिन्न सरकारी कार्यालयों, नगर निकायों और ...और पढ़ें

    ईओ कृष्ण भूषण कुमार की हत्या से स्तब्ध भागलपुर, कार्यालयों से स्कूल तक दी गई श्रद्धांजलि

    ईओ कृष्ण भूषण कुमार की हत्या से स्तब्ध भागलपुर, कार्यालयों से स्कूल तक दी गई श्रद्धांजलि

    HighLights

    1. ईओ कृष्ण भूषण कुमार की हत्या पर शोक सभाएं।

    2. जिलाधिकारी सहित अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि, न्याय की मांग।

    3. प्रशासनिक व्यवस्था पर हमला बताया गया घटना को।

    जागरण टीम, भागलपुर। अजगैवीनाथ धाम (सुल्तानगंज) नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के बाद पूरे भागलपुर जिले में शोक की लहर है। विभिन्न सरकारी कार्यालयों, नगर निकायों और शिक्षण संस्थानों में शोक सभाएं आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

    समाहरणालय में शोक सभा, डीएम ने दी श्रद्धांजलि

    समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में बुधवार को शोक सभा आयोजित की गई। जिलाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि 28 अप्रैल को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुई घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी कृष्ण भूषण कुमार ने साहस का परिचय देते हुए हमलावरों का सामना किया।

    कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे कृष्ण भूषण

    जिलाधिकारी ने कहा कि कृष्ण भूषण कुमार एक शांत, सरल और कर्तव्यनिष्ठ पदाधिकारी थे। विकास कार्यों के प्रति उनका विशेष लगाव था और अपने कार्यों के लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया गया था। शोक सभा में नगर आयुक्त किशलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता दिनेश राम, कुंदन कुमार, राकेश रंजन सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

    प्रखंड और नगर पंचायतों में भी श्रद्धांजलि

    सुल्तानगंज प्रखंड कार्यालय में बीडीओ अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में शोक सभा आयोजित की गई। सभी कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। नगर पंचायत पीरपैंती में कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी के नेतृत्व में कर्मियों और वार्ड पार्षदों ने भी दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

    खबरें और भी

    कहलगांव और अजगैवीनाथ धाम में भी शोक सभा

    कहलगांव नगर पंचायत और अजगैवीनाथ धाम नगर परिषद में भी शोक सभाएं आयोजित की गईं। अधिकारियों और कर्मियों ने दिवंगत के चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखा। सभा की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र सिंह ने की। वक्ताओं ने घटना को निंदनीय बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की।

    प्रशासनिक व्यवस्था पर हमला बताया

    बीडीओ राजीव रंजन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि कृष्ण भूषण कुमार की कार्यशैली प्रेरणादायक थी। शोक सभा में डीसीएलआर सरफराज नवाज, मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में घटना की निंदा की।

    विद्यालय में भी शोक सभा, छात्रों ने दी श्रद्धांजलि

    पं. हरि नारायण फाउंडेशन द्वारा संचालित एलिमेंट्री स्कूल में भी शोक सभा आयोजित की गई। सचिव राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि दिवंगत अधिकारी का विद्यालय से भी गहरा जुड़ाव था। छात्रों और शिक्षकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और इस घटना को बड़ी क्षति बताया।

    घायल मुख्य पार्षद के जल्द स्वस्थ होने की कामना

    घटना में घायल नगर परिषद के मुख्य पार्षद राज कुमार गुड्डू के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की गई। छात्रों ने प्रार्थना सभा में उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की। बताया गया कि राज कुमार गुड्डू छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हैं और समय-समय पर उनका मार्गदर्शन करते रहे हैं।

    अकबरनगर में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित

    अकबरनगर नगर पंचायत सभागार में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि अंजीत कुमार ने की। सभी पार्षदों और कर्मियों ने पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही नगर निकायों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई गई।

    हत्या के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

    अजगैवीनाथ धाम नगर परिषद कार्यालय में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रखंड कार्यालयों में भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।दिवंगत कृष्ण भूषण कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक शहर मधुबनी ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मियों ने उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए प्रस्थान किया।