विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर से पटना होते हुए आनंद विहार के बीच दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड जल्द तय करेगा डेट व शेड्यूल

Published: Sat, 29 Aug 2026 02:17 PM (IST)

भागलपुर से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच जल्द ही अत्याधुनिक स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा। यह ट्रेन ...और पढ़ें

त्योहारों से पहले भागलपुर को बड़ी सौगात: दिल्ली (आनंद विहार) के लिए चलेगी स्लीपर वंदे भारत, बोर्ड से मंजूरी मिलते ही तय होगी तारीख

त्योहारों से पहले भागलपुर को बड़ी सौगात: दिल्ली (आनंद विहार) के लिए चलेगी स्लीपर वंदे भारत, बोर्ड से मंजूरी मिलते ही तय होगी तारीख

HighLights

  1. भागलपुर-आनंद विहार के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन जल्द।

  2. त्योहारी सीजन में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।

  3. रेलवे बोर्ड से अंतिम स्वीकृति मिलते ही समय-सारणी होगी घोषित।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर और अंग क्षेत्र के रेल यात्रियों को आगामी त्योहारी सीजन से पूर्व भारतीय रेलवे एक और बड़ी सौगात देने जा रहा है। भागलपुर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) के लिए जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्लीपर कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाएगा।

पूर्व रेलवे कोलकाता ने रेलवे बोर्ड द्वारा मांगी गई सभी आवश्यक तकनीकी व परिचालन रिपोर्ट तैयार कर बोर्ड को भेज दी है। रेलवे बोर्ड से अंतिम स्वीकृति मिलते ही इसके परिचालन की तिथि, समय-सारणी और रूट की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

  • भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी; पूर्व रेलवे ने बोर्ड को भेजी विस्तृत रिपोर्ट

  • पूर्व रेलवे जोन की पहली स्लीपर वंदे भारत होगी यह ट्रेन; त्योहारों में दिल्ली रूट पर कन्फर्म टिकट की किल्लत से मिलेगी मुक्ति

  • प्रीमियम एसी कोच और लोको पायलट के लिए आधुनिक सुरक्षा व कंट्रोल पैनल से लैस होगा एडवांस केबिन; जल्द घोषित होगा रूट व शेड्यूल

इस नई प्रीमियम ट्रेन के शुरू होने से दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दिल्ली आने-जाने वाले भागलपुर, बांका, मुंगेर और आसपास के जिलों के यात्रियों को भारी राहत मिलेगी।

वर्तमान में पूर्व रेलवे क्षेत्र में हावड़ा से जमालपुर के बीच चेयरकार वाली वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जा रही है, लेकिन स्लीपर संस्करण के मामले में यह इस पूरे रेलखंड की पहली ट्रेन होगी। देश के चुनिंदा महत्वपूर्ण रेल मार्गों पर स्लीपर वंदे भारत उतारने की योजना के तहत भागलपुर-आनंद विहार रूट को प्राथमिकता में शामिल किया गया है।

त्योहारों में दिल्ली जाने वाले यात्रियों की राह होगी आसान

त्योहारी सीजन में भागलपुर-दिल्ली रेलखंड की नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने पूर्व रेलवे से ट्रेनों की उपलब्धता और रूट ट्रैफिक का पूरा ब्योरा मांगा था। स्लीपर वंदे भारत के परिचालन से यात्रियों को न केवल तेज गति का सफर मिलेगा, बल्कि कंफर्म टिकट की मारा-मारी पर भी काफी हद तक रोक लगेगी।

रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन किन-किन मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकेगी और इसका अंतिम रूट क्या होगा, इसे बोर्ड की मंजूरी के साथ तय कर लिया जाएगा। ट्रेन के सभी स्लीपर व एसी कोच अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे, जिसमें यात्रियों के आराम और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। वहीं लोको पायलटों के लिए एडवांस कंट्रोल पैनल और उन्नत सुरक्षा प्रणाली युक्त आधुनिक केबिन तैयार किया गया है।

"भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल तक स्लीपर कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। रेलवे बोर्ड की ओर से जो भी जानकारियां मांगी गई थीं, उन्हें मुख्यालय द्वारा भेज दिया गया है। बोर्ड स्तर से परिचालन की अंतिम मंजूरी मिलते ही ट्रेन के शुभारंभ की तिथि व समय की विधिवत घोषणा कर दी जाएगी।"
-

डॉ. उदय शंकर झा, प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर (PCCM), पूर्व रेलवे मुख्यालय, कोलकाता