भोजपुर में दर्दनाक हादसा: सोन नदी में नहाने गए 6 बच्चे डूबे; 3 की मौत, गांव में मचा कोहराम
भोजपुर के चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में सोन नदी में नहाने गए छह बच्चे डूब गए। इस हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित ब ...और पढ़ें

घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़। जागरण
HighLights
सोन नदी में नहाते समय छह बच्चे डूबे
तीन बच्चों की दुखद मौत, तीन बचाए गए
भोजपुर के अंधारी गांव में पसरा मातम
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव स्थित सोन नदी में रविवार को नहाने के दौरान छह बच्चे डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से सभी बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, जिनमें तीन बच्चों की अस्पताल में मौत हो गई। तीन अन्य बच्चों का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए हैं।
अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर हालत में मिले बच्चों को स्वजन आनन-फानन में इलाज के लिए अरवल सदर अस्पताल ले गए। चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि नहाने के दौरान पहले एक बच्चा डूब रहा था।
उसे बचाने में दो और बच्चे गहरे पानी में डूब गए। तीनों को इलाज के लिए अरवल ले जाया गया था, जहां उनकी मौत होने की सूचना है।
जिन बच्चों की मौत हुई है उनमें चिंटू राय का पुत्र हर्षित कुमार (15 वर्ष), रंजीत राय का पुत्र नीतीश कुमार (18 वर्ष) तथा शिवभंटू राय का पुत्र निखिल कुमार (16 वर्ष) शामिल हैं।
वहीं जलेंद्र राय के बेटे पंकज कुमार (19 वर्ष), संतोष राय के पुत्र प्रिंस कुमार (14 वर्ष) तथा रामधीन राय के बेटे संतोष कुमार (19 वर्ष) का इलाज चल रहा है।
सोन नदी में गए थे स्नान करने
जानकारी के अनुसार डूबने वाले बच्चों में अंधारी गांव निवासी रंजीत राय का पुत्र नीतीश कुमार, चिंटू राय का पुत्र हर्षित कुमार, सुभंटु राय का पुत्र निखिल कुमार एवं स्व. रामनिधि राय का पुत्र शिवम कुमार समेत अन्य शामिल हैं।
बताया जाता है कि रविवार को गांव के छह बच्चे सोन नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया।
इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चों को गंभीर हालत में तथा तीन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।