आरा में बनेगा एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला हाईटेक बस टर्मिनल; क्या-क्या मिलेगा, देखें डिटेल
आरा बस डिपो को पीपीपी मॉडल पर अत्याधुनिक बस टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें शॉपिंग मॉल, होटल और सिनेमा हॉल जैसी सुविधाएं होंगी। ...और पढ़ें

आरा के इस बस डिपो की बदल जाएगी तस्वीर। जागरण
धर्मेंद्र कुमार सिंह, आरा। आरा बस डिपो की तस्वीर जल्द ही पूरी तरह बदलने वाली है। परिवहन विभाग ने डिपो डेवलपमेंट योजना के तहत इसे अत्याधुनिक बस टर्मिनल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) माॅडल पर बनने वाला यह हाईटेक बस डिपो केवल बसों के संचालन तक सीमित नहीं रहेगा।
बल्कि एक ही परिसर में यात्रियों और शहरवासियों को शापिंग माॅल, सिनेमा हाॅल, मैरेज हाॅल, होटल और फूड कोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
राजस्व के साथ सुविधाएं बढ़ाने पर फोकस
पूरा परिसर आधुनिक एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत बस यात्रियों के लिए बड़ा एसी वेटिंग हॉल, लिफ्ट, डिजिटल टिकट काउंटर, पार्किंग और खान-पान की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
साथ ही परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए आधुनिक कार्यालय और अन्य प्रशासनिक कक्ष भी बनाए जाएंगे।
नक्शा बनाने की पीडब्ल्यूसी कंपनी को मिली जिम्मेदारी
उद्देश्य केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा देना ही नहीं, बल्कि बस डिपो को राजस्व का मजबूत केंद्र भी बनाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिसर में शापिंग माॅल, मल्टीप्लेक्स, होटल तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निर्माण प्रस्तावित है।
इससे एक ओर यात्रियों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर विभाग की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
परियोजना की प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य मुख्यालय के निर्देश पर बस डिपो परिसर के आगे और पीछे की खाली जमीन की मापी कराई गई है।
नक्शा तैयार करने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूसी कंपनी को सौंपी गई है। कंपनी द्वारा मास्टर प्लान तैयार करने के बाद विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) बनाया जाएगा। डीपीआर को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा आरा बस डिपो
परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार ने बताया कि राज्य के सभी प्रमुख बस डिपो को चरणबद्ध तरीके से हाईटेक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।
आरा बस डिपो का विकास भी इसी योजना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पीपीपी माडल पर 35 वर्षों के लिए करार किया जाएगा।
इससे निजी भागीदारी के माध्यम से आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी और विभाग को दीर्घकालिक राजस्व भी प्राप्त होगा।
योजना पूरी होने के बाद आरा का बस डिपो न सिर्फ यात्रियों के लिए आधुनिक परिवहन केंद्र बनेगा, बल्कि शहर का नया व्यावसायिक और सामाजिक आकर्षण भी होगा।
यह भी पढ़ें- 5 मंजिला बिल्डिंग, नीचे बसें-ऊपर मॉल और होटल...; बिहार के 30 शहरों में बदल जाएगा बस यात्रा का अनुभव