आरा शहर पर बाढ़ की मार, गांगी घाट इलेक्ट्रिक शवदाह गृह डूबा; कई निचले इलाकों में घुसा पानी
आरा शहर में लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ आ गई है, जिससे गांगी घाट स्थित इलेक्ट्रिक शवदाह गृह डूब गया है।

गांगी घाट इलेक्ट्रिक शवदाह गृह डूबा
HighLights
आरा शहर में बाढ़ से गांगी घाट शवदाह गृह डूबा।
निचले इलाकों में पानी भरने से आवागमन हुआ प्रभावित।
अंतिम संस्कार के लिए लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा।
जागरण संवाददाता, आरा। लगातार हो रही बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण आरा शहर के कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई मोहल्लों में सड़क पर पानी जमा होने के कारण आवागमन प्रभावित हो गया है।
स्थानीय लोगों को घरों से निकलने और जरूरी काम के लिए आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के गांगी घाट स्थित शवदाह गृह में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। यहां शवों के अंतिम संस्कार के लिए बनाए गए स्थल के डूब जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
अंतिम संस्कार के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही बुडको की ओर से यहां शवदाह गृह को इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के रूप में विकसित किया गया था। हालांकि, निर्माण के दौरान इसे अपेक्षित ऊंचाई पर नहीं बनाया गया, जिसके कारण जलस्तर बढ़ने के साथ ही पानी परिसर में प्रवेश कर गया।
शवदाह गृह के डूबने के कारण लोगों को अंतिम संस्कार के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और बाढ़ के दौरान यहां शवों का दाह संस्कार करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसा
इधर, शहर के मारुति नगर, बिनटोली, तरी और मौलाबाद समेत कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। चंदवा के कुछ हिस्से भी जलजमाव और बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं। कई जगहों पर सड़क और गलियों में पानी जमा होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया और छोटे वाहनों के आवागमन पर भी इसका असर पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने पर निचले इलाकों में पानी तेजी से फैल जाता है। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जलनिकासी के लिए तत्काल व्यवस्था करने तथा प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि गांगी घाट के शवदाह गृह को भी भविष्य में जलजमाव और बाढ़ से बचाने के लिए ऊंचा किया जाना जरूरी है, ताकि अंतिम संस्कार के समय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
आरा शहर के लिए महत्वपूर्ण गांगी घाट बना लेकिन ऊंचा नहीं किया गया। जिसके कारण जब भी बाढ़ और पानी आता है, तो यह सब डूब जाता है जबकि मैंने बुडको के पदाधिकारी को अवगत भी कराया गया था।- राहुल सिंह विराट, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।