विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: आरा जंक्शन पर मेंटेनेंस समय घटेगा, Howrah Jan Shatabdi समेत बढ़ेंगी ट्रेनें

Published: Wed, 11 Mar 2026 05:25 PM (GMT+05:30)

Ara Junction: दानापुर रेल मंडल के आरा जंक्शन का डीआरएम विनोद कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं और स्टेशन ...और पढ़ें

आरा जंक्शन का डीआरएम विनोद कुमार ने निरीक्षण किया

आरा जंक्शन का डीआरएम विनोद कुमार ने निरीक्षण किया

HighLights

  1. ट्रेनों के रखरखाव का समय छह से चार घंटे होगा।

  2. मैकेनिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाकर 30 की जाएगी।

  3. हावड़ा जनशताब्दी सहित नई ट्रेनें आरा से चलेंगी।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले आरा जंक्शन का बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद कुमार ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। रेलवे मंत्रालय और हाजीपुर जोन के निर्देश पर हुए इस निरीक्षण में स्टेशन की व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

सुबह करीब नौ बजे डीआरएम अपने मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आरा जंक्शन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, वाशिंग पिट और सिक लाइन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। करीब सात घंटे तक चले इस निरीक्षण में कई अहम निर्देश दिए गए।

मेंटेनेंस का समय घटाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने वाशिंग पिट और सिक लाइन की स्थिति का विशेष रूप से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रेनों की साफ-सफाई और तकनीकी रखरखाव में लगने वाले समय को कम किया जाए।

उन्होंने कहा कि अभी जहां मेंटेनेंस का कार्य लगभग छह घंटे में पूरा होता है, उसे घटाकर चार घंटे में पूरा करने की व्यवस्था की जाए। इससे ट्रेनों के संचालन को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

मैकेनिकल स्टाफ बढ़ाने का आदेश

डीआरएम ने कहा कि मेंटेनेंस कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए मैकेनिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में जहां करीब 15 कर्मचारी इस कार्य में लगे हुए हैं, उसे बढ़ाकर 30 करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ तकनीकी कार्य, जो अभी लगभग 45 मिनट में पूरे होते हैं, उन्हें बेहतर समन्वय के साथ 25 मिनट में पूरा करने का प्रयास किया जाए। इससे ट्रेनें कम समय में तैयार हो सकेंगी।

ड्रेनेज सिस्टम सुधारने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने वाशिंग पिट और सिक लाइन के आसपास की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को ड्रेनेज सिस्टम में सुधार करने का भी निर्देश दिया।

उनका कहना था कि पानी की निकासी सही तरीके से होने पर कर्मचारियों को काम करने में आसानी होगी और रखरखाव का कार्य भी तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

भविष्य में बढ़ सकती हैं ट्रेनें

डीआरएम विनोद कुमार ने बताया कि रेलवे की योजना आरा जंक्शन को और विकसित करने की है। यदि ट्रेनों की साफ-सफाई और मेंटेनेंस का काम चार घंटे में पूरा होने लगेगा तो यहां से अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में आरा जंक्शन से तीन ट्रेनों का ही संचालन होता है, लेकिन भविष्य में इसे बढ़ाकर पांच ट्रेनें चलाने की योजना है। इससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

नई ट्रेनों की भी बन रही योजना

रेल सूत्रों के अनुसार आरा जंक्शन से हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस चलाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा पटना से चलने वाली पटना-पुरी साप्ताहिक ट्रेन को भी आरा तक विस्तारित करने की संभावना है।

धनबाद से सासाराम तक आने वाली ट्रेन को भी आगे बढ़ाकर आरा तक लाने की योजना पर चर्चा चल रही है। यदि ये योजनाएं लागू होती हैं तो आरा और आसपास के जिलों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।

निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद

इस निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधक एनके राय, आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार सहित रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्टेशन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में आरा जंक्शन को और विकसित करने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।