विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

थोड़ी सी बारिश और आरा जंक्शन के मुख्य द्वार का ये हाल! पानी के बीच फंसे यात्री

Published: Tue, 25 Aug 2026 10:22 PM (IST)

आरा जंक्शन के मुख्य द्वारों पर हल्की बारिश से जलजमाव हो जाता है, जिससे यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी ...और पढ़ें

जलजमाव के साथ मुख्य द्वार पर बन रही जाम की स्थिति

जलजमाव के साथ मुख्य द्वार पर बन रही जाम की स्थिति

HighLights

  1. हल्की बारिश से आरा जंक्शन के मुख्य द्वार पर जलजमाव।

  2. यात्रियों को आवागमन में परेशानी, जाम और गंदगी का सामना।

  3. स्थायी जल निकासी व्यवस्था और नियमित सफाई की मांग।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की साफ-सफाई को लेकर रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्टेशन के दोनों मुख्य द्वार के पास थोड़ी सी बारिश होते ही पानी जमा हो जाता है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जलजमाव के साथ मुख्य द्वार पर बन रही जाम की स्थिति

बारिश के दौरान मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास जलजमाव होने से आवागमन प्रभावित होता है। ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की आवाजाही के कारण कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है। इससे ट्रेन पकड़ने या स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है।

पैदल यात्रियों के साथ वाहन चालकों की भी बढ़ी मुश्किल

मुख्य द्वार के पास पानी जमा होने से पैदल यात्रियों को पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ता है। वहीं ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहन चालकों को भी जलजमाव के बीच आवाजाही करनी पड़ती है। इससे प्रवेश और निकास के दौरान अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है।

पानी के साथ सड़क पर फैल रही गंदगी और कीचड़

जलजमाव के कारण मुख्य द्वार के आसपास गंदगी और कीचड़ भी फैल रहा है। यात्रियों का कहना है कि बारिश के दौरान स्टेशन पहुंचते ही सबसे पहले उन्हें इसी समस्या से जूझना पड़ता है। इससे स्टेशन परिसर के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

रोजाना हजारों यात्रियों का होता है आरा जंक्शन पर आना-जाना

आरा जंक्शन जिले का प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आना-जाना होता है। ऐसे में स्टेशन के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों की व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है।

यात्रियों का कहना है कि बारिश के समय जलजमाव से स्टेशन आने वाले बाहरी लोगों के बीच भी शहर की छवि प्रभावित होती है।

स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की यात्रियों ने की मांग

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से दोनों मुख्य द्वार के आसपास स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही नालियों की नियमित सफाई और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की गई है।

यात्रियों का कहना है कि व्यवस्था दुरुस्त होने से उन्हें राहत मिलेगी और आरा जंक्शन की तस्वीर भी बेहतर होगी।