ईरान–इजराइल तनाव की आंच आरा तक? LPG सिलेंडर को लेकर बढ़ी चिंता, एजेंसियों ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
ईरान-इज़राइल तनाव के कारण भोजपुर के आरा में एलपीजी सिलेंडर की संभावित कमी को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, स्थानीय गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं को घबर ...और पढ़ें

एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता
HighLights
ईरान-इजराइल तनाव से आरा में एलपीजी आपूर्ति पर असर।
गिद्धा प्लांट से आपूर्ति घटने से एजेंसियों को परेशानी।
कालाबाजारी की शिकायतें, 25 दिन बाद बुकिंग का नियम।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देश के विभिन्न हिस्सों में आपूर्ति व्यवस्था को लेकर चर्चाओं के रूप में दिखने लगा है। भोजपुर जिले के आरा शहर में भी एलपीजी गैस सिलेंडर की संभावित कमी को लेकर उपभोक्ताओं के बीच चिंता का माहौल है। हालांकि स्थानीय गैस एजेंसियों ने इन आशंकाओं को अफवाह बताते हुए कहा है कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रखने की कोशिश की जा रही है।
जिले में चार लाख से अधिक गैस उपभोक्ता
भोजपुर जिले में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं की संख्या काफी अधिक है। जिले में लगभग 4 लाख 34 हजार उपभोक्ता हैं, जिनमें इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस के कनेक्शन शामिल हैं।
इनमें से केवल आरा शहर में ही इंडियन ऑयल के करीब 1 लाख 60 हजार उपभोक्ता नियमित रूप से घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते हैं। ऐसे में आपूर्ति में हल्की भी बाधा होने पर इसका असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर पड़ता है।
गिद्धा प्लांट से होती है गैस की आपूर्ति
जानकारी के अनुसार भोजपुर जिले में गैस की आपूर्ति गिद्धा स्थित गैस प्लांट से होती है। पहले यहां से प्रतिदिन लगभग 300 गैस ट्रक अलग-अलग जिलों और एजेंसियों के लिए भेजे जाते थे।
खबरें और भी
लेकिन हाल के दिनों में यह संख्या घटकर लगभग 150 ट्रक प्रतिदिन रह गई है। आपूर्ति में इस कमी के कारण कई एजेंसियों को सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।
कुछ एजेंसियों में सप्लाई प्रभावित
आरा शहर की पुष्पलता गैस एजेंसी, व्यापार मंडल गैस एजेंसी और एक एचपी गैस एजेंसी में कुछ दिनों तक गैस की आपूर्ति नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
इससे उपभोक्ताओं के बीच चिंता बढ़ गई है और कई लोग जल्द से जल्द गैस बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि एजेंसियों का कहना है कि यह अस्थायी स्थिति है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
बुकिंग नंबर पर नहीं मिल रहा जवाब
गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर भी उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंडियन गैस के लिए 8454955555 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के लिए 9493602222 नंबर जारी किए गए हैं, लेकिन कई उपभोक्ताओं का कहना है कि इन नंबरों पर कॉल या मैसेज करने पर उचित प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। इससे लोग एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे हैं।
कमर्शियल सिलेंडर की अधिक किल्लत
गैस की संभावित कमी का सबसे ज्यादा असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर देखा जा रहा है। भोजपुर जिले में लगभग 3400 कमर्शियल गैस उपभोक्ता हैं।
होटल संचालकों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में कमी आ गई है, जिससे उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही और व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
जमाखोरी रोकने को बदले नियम
संभावित कमी और जमाखोरी की आशंका को देखते हुए गैस कंपनियों ने कुछ नियमों में बदलाव किया है। अब किसी उपभोक्ता को एक सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक करने की अनुमति दी जाएगी।
पहले यह अवधि कम थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस मिल सके।
कालाबाजारी की भी मिल रही शिकायतें
गैस की कमी की आशंका के बीच आरा शहर के कुछ इलाकों में कालाबाजारी की खबरें भी सामने आ रही हैं। कुछ जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर 1400 रुपये तक में बेचे जाने की सूचना मिली है।
हालांकि प्रशासन के पास अभी तक इस संबंध में कोई बड़ी आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पीरो में गैस के लिए उमड़ी भीड़
उधर पीरो अनुमंडल मुख्यालय स्थित अजय इंडेन गैस एजेंसी पर मंगलवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही एजेंसी परिसर में लंबी कतारें लग गईं और कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहे।
ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद मैसेज नहीं आने से उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखी गई।
एजेंसी प्रबंधन ने दिया आश्वासन
एजेंसी के मैनेजर जाहीद अंसारी ने बताया कि सरकार के निर्देश के अनुसार सिलेंडर की डिलीवरी डीएसी प्रणाली और वैध बुकिंग नंबर के आधार पर की जा रही है।
उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की कोशिश न करें।