Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोईलवर से डोरीगंज तक आरा-छपरा फोरलेन पर जाम से मिलेगी राहत; दो जिलों के अफसरों ने बनाई रणनीति

    Updated: Fri, 27 Feb 2026 09:27 PM (IST)

    आरा-छपरा फोरलेन पर लगातार लग रहे जाम से निजात पाने के लिए भोजपुर और सारण के अधिकारियों ने बबुरा में संयुक्त बैठक की। कोईलवर से डोरीगंज तक यातायात सुचा ...और पढ़ें

    फोरलेन का जायजा लेते भोजपुर व सारण के अधिकारी। जागरण

    फोरलेन का जायजा लेते भोजपुर व सारण के अधिकारी। जागरण

    HighLights

    1. भोजपुर-सारण अधिकारियों की संयुक्त बैठक में बनी रणनीति।

    2. बालू वाहनों से जाम रोकने को कड़े फैसले लिए गए।

    3. सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण पर भी दिया जोर।

    संवाद सूत्र, बड़हरा (आरा)। आरा–छपरा फोरलेन पर लगातार लग रहे जाम से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए शुक्रवार को बबुरा थाना परिसर में भोजपुर और सारण जिले के वरीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई।

    बैठक में कोईलवर से डोरीगंज तक फोरलेन पर ट्रैफिक दबाव कम करने और सुचारु परिचालन सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति बनाई गई।

    बैठक में सारण जिले के एसडीएम, एएसपी सदर, ट्रैफिक डीएसपी संतोष कुमार पासवान, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामपुकार सिंह, खनन पदाधिकारी, डोरीगंज थानाध्यक्ष सहित भोजपुर जिले के कई पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

    बालू लदे वाहनों से लग रहे जाम पर सख्ती

    बैठक में यह सहमति बनी कि फोरलेन पर अव्यवस्थित ढंग से चल रहे बालू लदे और खाली वाहनों के कारण जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। इसे नियंत्रित करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए।

    एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि सकड्डी, सहार समेत अन्य इलाकों से आने वाले भारी वाहनों के कारण फोरलेन पर दबाव बढ़ रहा है। इसे देखते हुए—

    • फोरलेन किनारे अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई होगी

    • बालू खाली कर लौटने वाले वाहनों के लिए अलग परिचालन व्यवस्था बनाई जाएगी

    • निर्धारित स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी

    • भोजपुर और सारण में नए चेकपोस्ट के लिए स्थल चिह्नित किए जाएंगे

    • पहले से संचालित चेकपोस्ट पर पुलिस बल और संसाधन बढ़ाए जाएंगे

    चौड़ीकरण और डिवाइडर पर भी जोर

    बैठक में बबुरा से डोरीगंज तक सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि ट्रैफिक प्रवाह बाधित न हो।

    साथ ही फोरलेन को जाममुक्त रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

    बैठक में जिला खनन पदाधिकारी, खनन इंस्पेक्टर और बबुरा थानाध्यक्ष संजय कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।