भरत तिवारी एनकाउंटर की सच्चाई से उठेगा पर्दा? माता-पिता के बयान के बाद इन 2 गवाहों पर टिकी सबकी निगाहें
भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच में सोमवार को दो महत्वपूर्ण प्रत्यक्षदर्शी गवाह मंटू चौधरी और सत्यनारायण चौधरी अपना बयान दर्ज कराएंग ...और पढ़ें

भरत तिवारी एनकाउंटर। (जागरण)
HighLights
दो प्रत्यक्षदर्शी गवाह मंटू चौधरी और सत्यनारायण चौधरी देंगे बयान।
गवाहों के बयान से एनकाउंटर की सच्चाई पर पड़ सकता है प्रकाश।
भरत तिवारी के माता-पिता पहले ही फर्जी एनकाउंटर बता चुके हैं।
संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच में अब दो महत्वपूर्ण प्रत्यक्षदर्शी गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी।
न्यायिक जांच आयोग के समक्ष भरत तिवारी के माता-पिता के बयान दर्ज होने के बाद सोमवार को मंटू चौधरी और सत्यनारायण चौधरी आयोग के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखेंगे।
बताया जा रहा है कि दोनों गवाहों को न्यायिक जांच आयोग की ओर से समन जारी कर पेश होने का निर्देश दिया गया है। मंटू चौधरी और सत्यनारायण चौधरी का दावा है कि वे 17 जून की सुबह जवइनिया पुनर्वास टाउनशिप के समीप मौजूद थे।
कथित एनकाउंटर के ठीक कुछ देर पहले पुलिस ने उन्हें घटनास्थल से बलपूर्वक हटा दिया था, जिसके कारण वे पूरी घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने के बावजूद उस समय वहां नहीं रह सके।
सूत्रों के अनुसार आयोग दोनों गवाहों के बयान को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहा है। संभावना है कि उनके बयान से घटनाक्रम की परिस्थितियों और उस समय की स्थिति पर महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
माता-पिता रख चुके हैं अपना पक्ष
इसी कारण आयोग ने उन्हें गवाह के रूप में तलब किया है। गौरतलब है कि इससे पहले भरत तिवारी के माता-पिता न्यायिक जांच आयोग के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रख चुके हैं।
उन्होंने कथित एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग दोहराई थी। अब लोगों की निगाहें मंटू चौधरी और सत्यनारायण चौधरी की गवाही पर टिकी हैं।
माना जा रहा है कि आयोग के समक्ष दर्ज होने वाले उनके बयान इस बहुचर्चित मामले की जांच को नई दिशा दे सकते हैं। आयोग सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ा रहा है।