जर्जर दीवार ने बुझा दिए दो घरों के चिराग; भोजपुर में दो चचेरे भाइयों पर की मौत, दादा भी जख्मी, सड़क जाम
भोजपुर के बिहिया में एक जर्जर बाउंड्रीवाल गिरने से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें उनके दादा भी घायल हुए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ...और पढ़ें

घटनास्थल पर लोगों की भीड़ और जांच करने पहुंची पुलिस। जागरण
HighLights
भोजपुर के बिहिया में जर्जर दीवार गिरने से हादसा।
हादसे में दो चचेरे भाइयों शिवांश और अंकित की मौत।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया नगर परिषद के वार्ड संख्या छह में शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।
घर के बगल में स्थित जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर दोनों बच्चों पर गिर गई। हादसे में बच्चों के दादा भी घायल हो गए।
मृतकों में वार्ड संख्या छह निवासी साजन रजक का तीन वर्षीय पुत्र शिवांश कुमार तथा राहुल रजक का ढाई वर्षीय पुत्र अंकित कुमार शामिल हैं।
बुझ गए दो घरों के चिराग
शिवांश चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था, जबकि अंकित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई बताएं जाते हैं।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह दोनों मासूम घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान घर के बगल की जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक गिर पड़ी और दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग जुट गए। लोगों ने तेजी से दीवार का मलबा हटाते हुए घायलों को बाहर निकाला।
घटनास्थल पर ही शिवांश ने तोड़ा दम
हादसे में शिवांश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बच्चों के दादा छोटक रजक भी घायल हो गए, जिनका इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया।
दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

आक्रोशित लोगों ने शव के साथ किया हाईवे जाम , आगजनी
इधर, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर डाक-बंगला चौक समीप शव के साथ बिहिया-पीरो स्टेट हाईवे जाम कर दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आगजनी भी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।