भोजपुर में गंगा का रौद्र रूप, तेज बहाव में टूटी पुलिया; चार हजार लोगों का आवागमन बाधित, 50 से अधिक स्कूल बंद
गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण भोजपुर के बड़हरा प्रखंड में एक पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे ...और पढ़ें

बाढ़ के पानी के दबाव से टूटी महुली घाट-खवासपुर को जोड़ने वाली जानकी बाजार पुलिया। सौ: ग्रामीण
HighLights
बड़हरा में गंगा के तेज बहाव में पुलिया बही।
पुलिया टूटने से चार हजार आबादी का संपर्क बाधित।
गंगा खतरे के निशान से 62 सेंटीमीटर ऊपर, 50 स्कूल बंद।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।
गंगा पार महुली घाट से खवासपुर जानकी बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर सरयू राय के डेरा स्थित सुखदेव ठाकुर के घर के समीप बनी पुलिया बुधवार को गंगा के तेज बहाव के कारण पूरी तरह टूट गई।
पुलिया के टूट जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। पुलिया टूटने के कारण आसपास के गांवों की करीब चार हजार की आबादी के समक्ष गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
आवागमन के साथ रोजमर्रा की जरूरत का सामान लाने में उन्हें मुसीबत हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए बाजार आने-जाने का प्रमुख रास्ता है।
पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बाद लोगों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। बाढ़ के तेज बहाव के कारण टूटे हिस्से से होकर आवागमन करना भी जोखिम भरा हो गया है।
डेंजर लेवल से 62 सेंटीमीटर ऊपर पहुंची गंगा
भोजपुर जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को गंगा डेंजर लेवल से करीब 62 सेंटीमीटर ऊपर 53.70 मीटर पर पहुंच गई। जलस्तर बढ़ने से बड़हरा, शाहपुर, कोईलवर, आरा और बिहिया अंचल के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है।
तीन दर्जन से अधिक सड़कों पर चढ़ा पानी
गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण जिले के उक्त पांच अंचलों में तीन दर्जन से अधिक सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। इससे कई जगहों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
वहीं, करीब पांच दर्जन गांवों के आसपास बाढ़ का पानी पहुंचने से स्थिति गंभीर हो गई है। कई गांव पूरी तरह बाढ़ के पानी से घिर गए हैं।
50 से अधिक स्कूल बंद
बाढ़ के पानी के फैलाव को देखते हुए जिले में 50 से अधिक स्कूलों को बंद कर दिया गया है। कई विद्यालयों के आसपास भी पानी पहुंच गया है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
