मानसून के साथ बढ़ेगा डेंगू का खतरा, भोजपुर में स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर
भोजपुर में मानसून के आगमन के साथ डेंगू संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। रोकथाम, निगरानी और उपचार की तैयारियां ते ...और पढ़ें

मानसून के साथ बढ़ेगा डेंगू का खतरा, भोजपुर में स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर (AI Generated Image)
HighLights
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू को लेकर तैयारियां तेज कीं।
अस्पतालों में जांच किट, दवाएं और बेड सुनिश्चित किए गए।
फॉगिंग और जलजमाव स्थलों की निगरानी बढ़ाई गई।
जागरण संवाददाता, आरा। समय से पहले मानसून के आगमन के साथ ही भोजपुर जिले में डेंगू संक्रमण के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। राज्य स्वास्थ्य समिति और वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की ओर से जारी निर्देशों के बाद जिले में रोकथाम, निगरानी और उपचार संबंधी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
विभागीय अधिकारियों को संभावित संक्रमण से निपटने के लिए हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
अस्पतालों में जांच व इलाज की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच किट, आवश्यक दवाइयों, मच्छरदानी युक्त बेड और गंभीर मरीजों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही संभावित मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है।
फॉगिंग और स्रोत नियंत्रण अभियान होगा तेज
जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। फॉगिंग मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ तकनीकी कर्मियों को भी सक्रिय किया जा रहा है।
आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जलजमाव वाले स्थलों की पहचान करने और लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है।
हॉटस्पॉट इलाकों की होगी रोजाना निगरानी
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू संभावित क्षेत्रों की दैनिक निगरानी के निर्देश दिए हैं। शहरी मोहल्लों, घनी आबादी वाले वार्डों और जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना मिलने पर तत्काल जांच और नियंत्रणात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जनभागीदारी से ही मिलेगी सफलता
विशेषज्ञों का मानना है कि डेंगू की रोकथाम में आम लोगों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढंककर रखें तथा मच्छरदानी और अन्य बचाव उपायों का नियमित उपयोग करें।
खबरें और भी
विभागों के बीच बढ़ेगा समन्वय
डेंगू नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग नगर निकाय, शिक्षा, पंचायती राज, कृषि एवं अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करेगा।
अधिकारियों का मानना है कि समय रहते सतर्कता बरतने से जिले में डेंगू के संभावित खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।