खोजी कुत्ता और ड्रोन भी नहीं लगा सके सुराग, आरा में 5 साल के बच्चे के लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण
भोजपुर के बलुआं गांव में चार दिनों से लापता पांच वर्षीय बालक की बरामदगी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

आरा में सड़क जाम करते लोग। जागरण
HighLights
बलुआं गांव से पांच वर्षीय बालक चार दिन से लापता।
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पुलिस खोजी कुत्ता, ड्रोन से तलाश में जुटी है।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलुआं गांव से चार दिनों से लापता पांच वर्षीय बालक की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने बलुआं छलका के समीप आरा-सलेमपुर मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी कर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी भी की गई।
सड़क जाम और हंगामे के कारण आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे।
खोजी कुत्ता और ड्रोन से हुई तलाश, फिर भी नहीं मिला सुराग
लापता बालक की तलाश में पुलिस खोजी कुत्ता और ड्रोन की मदद ले चुकी है। धान के खेतों से लेकर पानी भरे गड्ढों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
लगातार दो दिनों से चली खोजबीन के बावजूद बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद भी बच्चे की बरामदगी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
लापता बालक मणि कुमार बलुआं गांव निवासी अमरजीत प्रसाद का पांच वर्षीय पुत्र है। तीन नवंबर को वह घर से खेलने के लिए बगीचे की ओर निकला था।
इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली।

बच्चा चोरी की आशंका, दो संदिग्धों को पकड़ कर सौंपा था पुलिस को
बालक के लापता होने के बाद गांव में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। ग्रामीण बच्चा चोरी की आशंका जता रहे हैं।
इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया था। हालांकि, बालक के गायब होने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रेलवे स्टेशन तक खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
घटना को लेकर पिता अमरजीत प्रसाद ने मुफस्सिल थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि बालक की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी और खोजबीन की जा रही है।
गांव के रास्तों से लेकर रेलवे स्टेशन तक लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।