भोजपुर में दो बहनों को सांप ने डसा, एक की मौत; बड़ी की हालत गंभीर, रक्षाबंधन पर आई थीं मायके
रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं जब भोजपुर के रमदतही गांव में दो बहनों को सांप ने डस लिया। ...और पढ़ें

मृतका के घर रमदतही में लगी ग्रामीणों की भीड़। जागरण
HighLights
रक्षाबंधन पर मायके आईं दो बहनों को सांप ने डसा।
छोटी बहन खुशबू कुमारी की इलाज के दौरान दुखद मौत।
बड़ी बहन कांति देवी की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी।
पंचायत सूत्र, करनामेंपुर (शाहपुर)। थाना क्षेत्र के रमदतही गांव में रक्षाबंधन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब घर में सो रही दो सगी बहनों को जहरीले सांप ने डस लिया।
हादसे में छोटी बहन खुशबू कुमारी (20) की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, बड़ी बहन कांति देवी (26) की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज प्रतापसागर स्थित अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि स्वर्गीय शंभू ठाकुर की पुत्रियां खुशबू कुमारी और कांति देवी रात करीब एक बजे घर के अंदर सो रही थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया।
सांप के डंसने की जानकारी मिलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में दोनों बहनों को प्रतापसागर स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां खुशबू ने दम तोड़ दिया। कांति देवी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
रक्षाबंधन पर मायके आई थी कांति
कांति देवी विवाहित हैं और रक्षाबंधन का त्योहार मनाने हाल ही में अपने मायके रमदतही आई थीं। परिवार के लिए त्योहार की खुशियां कुछ ही घंटों में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।
बहन की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम घर और आसपास के इलाके में सांप की तलाश कर रही है, ताकि उसे पकड़ा जा सके और ग्रामीणों को किसी अन्य खतरे से बचाया जा सके।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कन्हैया कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका खुशबू कुमारी के शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद रमदतही गांव में शोक की लहर है। जिस घर में रक्षाबंधन को लेकर उत्साह और खुशियों का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।
