'मादक पदार्थ बंद कराओगे?' घर में घुसकर सामाजिक कार्यकर्ता को मारी गोली, मौत के बाद सड़क जाम
भोजपुर के गड़हनी में सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद जफी को घर में घुसकर गोली मारी गई, जिससे वे गंभीर रूप से ...और पढ़ें

पेट के निचले हिस्से में फंसी गोली
HighLights
सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद जफी को घर में घुसकर गोली मारी।
मादक पदार्थ बिक्री का विरोध करने पर हमलावरों ने किया वार।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को जाम किया।
जागरण टीम, आरा/गड़हनी(भोजपुर)। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी नगर स्थित इस्लामगंज मोहल्ले में शुक्रवार की देर शाम हथियारबंद तत्वों ने घर में घुसकर एक सामाजिक कार्यकर्ता को गोली मारकर जख्मी कर दिया।
इलाज के दौरान जख्मी गड़हनी के इस्लामगंज निवासी स्व. इस्लाम सिद्दीकी के 40 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जफी की मौत हो गई। गोली पेट और हाथ में लगी थी। नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रख आवागमन बाधित कर दिया।
घर में घुसे हमलावर, गोली मारकर हुए फरार
घायल को इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की संख्या तीन बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चरपोखरी थानाध्यक्ष रविशंकर और गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।

घटनास्थल से तीन खोखा और एक मैगजीन बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और एक मैगजीन बरामद किया है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गड़हनी बाजार के पास आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को जाम कर दिया।
गांव में मादक पदार्थ की बिक्री का उठाया था मुद्दा
जख्मी समाजसेवी के चचेरे भाई मो. अमन ने बताया कि गांव में कुछ तस्करों द्वारा मादक पदार्थ की बिक्री की जाती है। इसे लेकर दो दिन पूर्व पुलिस और ग्रामीणों के बीच गांव में बैठक हुई थी।
बैठक में मो. जफी ने इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए मादक पदार्थ की बिक्री पर रोक लगाने की प्रशासन से मांग की थी।

(गड़हनी में सड़क जाम करते लोग। )
किचन में थे जफी, तभी घर में घुसे हमलावर
मो. अमन के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम मो. जफी अपने घर के किचन में थे। इसी दौरान हमलावर घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने उनसे कहा कि वे मादक पदार्थ की बिक्री बंद करवाएंगे और इसके बाद गोली मार दी। गोली लगने से जफी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
पेट के निचले हिस्से में फंसी गोली, हालत गंभीर
इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डा. विकास सिंह ने बताया कि जख्मी युवक के बाएं हाथ की बांह और पेट में गोली लगी है। गोली पेट के निचले हिस्से में फंसी हुई है।
गोली लगने के कारण काफी खून बह गया है और इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
आक्रोशित लोगों ने आरा-सासाराम हाईवे किया जाम, आगजनी
इधर, गोली लगने से घायल सामाजिक कार्यकर्ता मो. जफी की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही शनिवार की सुबह आक्रोशित लोग शव के साथ सड़क पर उतर गए।
लोगों ने गड़हनी बाजार के समीप आरा-सासाराम हाईवे को जाम कर दिया और आगजनी कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।आक्रोशित लोग आरोपितों की गिरफ्तारी और मृतक के स्वजन को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
सड़क पर टायर जलाकर आगजनी किए जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पीरो इंस्पेक्टर राजीव रंजन, चरपोखरी थानाध्यक्ष रवि शंकर और गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पदाधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम हटवाने के प्रयास में जुटे हैं। हालांकि, लोग गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।
