विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में फंदे से लटकता मिला महिला का शव, पति ने मोबाइल को ठहराया जिम्मेदार; भाई बोला- अफेयर के चक्कर में...

Published: Tue, 22 Sep 2026 03:51 PM (IST)

भोजपुर के धनगाई थाना क्षेत्र में एक महिला का शव छत की कुंडी से लटका मिला, जिसके भाई ने पति ...और पढ़ें

छत की कुंडी से लटका मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

छत की कुंडी से लटका मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

HighLights

  1. भोजपुर में महिला का शव छत की कुंडी से लटका मिला।

  2. भाई ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के बसौना गांव स्थित एक घर के छत की कुंडी से लटका एक महिला का शव बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, मृतका 28 वर्षीय खैरुन निशां धनगाई थाना क्षेत्र के बसौना गांव निवासी नेजाम अंसारी की पत्नी थी।

मृतका के भाई महबूब अली ने उसके पति, देवर समेत ससुराल के चार सदस्यों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति के अवैध संबंध का विरोध करने के कारण उसकी हत्या की गई है।

इस संबंध में धनगाई थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति नेजाम अंसारी एवं उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पति ने बताया कि मृतका मोबाइल फोन की मांग कर रही थी। उसने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए बाद में मोबाइल दिलाने की बात कही थी।

इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने कमरे की छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।

दूसरी ओर, नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी मृतका के भाई महबूब अली ने बताया कि वर्ष 2018 में उनकी बहन की शादी नेजाम अंसारी से हुई थी। शादी के करीब चार साल बाद उसके पति का किसी दूसरी लड़की से प्रेम-प्रसंग चलने लगा और वह उससे बातचीत भी करता था।

इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इस मामले को लेकर उनके स्वजन ने धनगाई थाना में शिकायत भी की थी। तब थानाध्यक्ष ने नेजाम को समझाया-बुझाया था और उठक-बैठक कराकर भविष्य में सही तरीके से रहने की सलाह दी थी।

इसी बीच मृतका के देवर ने फोन कर मायके वालों को सूचना दी कि उनकी बहन की मौत हो गई है। उसने बताया कि वह छत से गिरकर मर गई है। सूचना मिलने के बाद मायके के लोग ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने उसके कमरे में टूटी हुई चूड़ियां बिखरी हुई देखीं। साथ ही उसके गले पर भी निशान मिला।

इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना धनगाई थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- भोजपुर में सरेआम बीए के छात्र की गोली मारकर हत्या, परिवार में मचा कोहराम