Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार बंद: आरा में जगह-जगह प्रदर्शन और सड़क जाम, आइसा और इनौस के कार्यकर्ता कर रहे आंदोलन

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 10:24 AM (GMT+05:30)

    नीट पेपर लीक मामले को लेकर आइसा और इनौस कार्यकर्ताओं ने आरा में विरोध प्रदर्शन किया, जिससे शहर के कई इलाकों में सड़क जाम हो गई। प्रदर्शनकारियों ने कें ...और पढ़ें

    भोजपुर जिले के गड़हनी में आरा सासाराम हाइवे को जाम करते इंकलाबी नौजवान सभा के नेता और कार्यकर्ता। जागरण

    भोजपुर जिले के गड़हनी में आरा सासाराम हाइवे को जाम करते इंकलाबी नौजवान सभा के नेता और कार्यकर्ता। जागरण

    HighLights

    1. आइसा-इनौस ने नीट पेपर लीक पर आरा में प्रदर्शन किया।

    2. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।

    3. प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की, अफवाहों से बचने की अपील।

    जागरण संवाददाता, आरा। नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर आइसा के छात्र-छात्राओं ने शनिवार सुबह से शहर में विरोध-प्रदर्शन शुरू किया है।

    प्रदर्शनकारियों ने वीर कुंवर सिंह पार्क, रमना मैदान के समीप से जुलूस निकालते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर मार्च निकाला है।

    वे पेपर लीक मामले के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राएं नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा की मांग कर रहे हैं।

    इधर, भोजपुर जिले के सहार बस स्टैंड के समीप आइसा के छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सकड्डी-नासरीगंज हाईवे को जाम कर दिया है। गड़हनी में आरा सासाराम हाइवे को इनौस कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया है।  

    Ara 1

    (सहार में चक्‍का जाम करते आंदोलनकारी।)

    जगह-जगह सड़क जाम 

    गड़हनी में इंकलाबी नौजवान सभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से  स्तीफा समेत विभिन्न मांगों को लेकर आरा-सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है।

    प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

    प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। इससे पूर्व डीएम तनय सुल्तानिया एवं एसपी राज ने शुक्रवार को आरा रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया।

    इस दौरान स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

    डीएम ने कहा कि रेलवे स्टेशन के प्रवेश एवं निकास मार्ग, विभिन्न प्लेटफॉर्म तथा अन्य संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए।


    डीएम-एसपी ने ल‍िया स्‍टेशन का जायजा

    उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

    एसपी राज ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

    आम लोगों से अपील की गई है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें।

    उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार रहें। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार एवं जीआरपी थानाध्यक्ष रंधीर कुमार संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में लगातार गश्त करते रहे।