आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम से IPL तक: Vaibhav Suryavanshi के साथ Rajasthan Royals में गरजेंगे शाहबाज अनवर
भोजपुर के तेज गेंदबाज शाहबाज अनवर को आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने मुख्य नेट गेंदबाज के रूप में अनुबंधित किया है। पिछले सीजन में चेन्नई सुपर क ...और पढ़ें

शाहबाज अनवर को राजस्थान रॉयल्स में मिला मौका
HighLights
भोजपुर के शाहबाज अनवर राजस्थान रॉयल्स के नेट गेंदबाज बने।
पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ काम किया था।
शाहबाज का लक्ष्य भारतीय टीम में जगह बनाना है।
जागरण संवाददाता,आरा(भोजपुर)। भोजपुर की धरती से निकले उभरते तेज गेंदबाज शाहबाज अनवर ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले शाहबाज अब आईपीएल 2026 में नई पहचान के साथ नजर आएंगे। उन्हें Rajasthan Royals ने मुख्य नेट गेंदबाज के रूप में अनुबंधित किया है।
धोनी की टीम से अब राजस्थान तक का सफर
शाहबाज की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले सीजन में उन्होंने Chennai Super Kings के साथ काम किया था।
उस दौरान MS Dhoni की कप्तानी वाली टीम में उन्होंने स्टार बल्लेबाजों को अपनी गेंदों से खूब परेशान किया और अपनी अलग पहचान बनाई।
अब जडेजा और जायसवाल जैसे बल्लेबाजों की बारी
इस बार राजस्थान रॉयल्स के नेट्स में शाहबाज कई दिग्गज बल्लेबाजों को अभ्यास कराते नजर आएंगे।
इनमें Ravindra Jadeja, Yashasvi Jaiswal, रियान पराग और बिहार के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी शामिल हैं। उनकी तेज गेंदबाजी इन बल्लेबाजों के लिए कड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
नागपुर कैंप में दमदार प्रदर्शन से मिला मौका
शाहबाज का चयन आसान नहीं था। उन्होंने महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 10 दिवसीय चयन कैंप में अपनी शानदार गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने अपनी जगह बनाई और अब एक महीने तक टीम के साथ रहकर खिलाड़ियों को अभ्यास कराएंगे।
सिपाही के बेटे का संघर्ष और मेहनत
आरा के मिल्की मोहल्ले निवासी शाहबाज के पिता अनवर आलम बिहार पुलिस में सिपाही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शाहबाज ने अपने सपनों को जिंदा रखा।
आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम से क्रिकेट की शुरुआत कर उन्होंने लगातार मेहनत की और पटना की जेनएक्स क्रिकेट एकेडमी में कोच अशोक कुमार के मार्गदर्शन में खुद को निखारा।
युवाओं के लिए प्रेरणा बना शाहबाज का सफर
एक छोटे शहर से निकलकर आईपीएल जैसे बड़े मंच तक पहुंचना हर युवा के लिए प्रेरणादायक है। शाहबाज की सफलता ने भोजपुर के खिलाड़ियों में नया उत्साह भर दिया है।
उनकी कहानी बताती है कि मेहनत और लगन के दम पर कोई भी खिलाड़ी बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है।
देश के लिए खेलने का सपना अब भी बाकी
शाहबाज अनवर का कहना है कि उनका लक्ष्य सिर्फ नेट गेंदबाज बनना नहीं, बल्कि मुख्य टीम में जगह बनाकर देश के लिए खेलना है।
वे लगातार मेहनत कर रहे हैं और आने वाले समय में खुद को बड़े स्तर पर साबित करना चाहते हैं।
कोच अशोक सर की प्रेरणा से पिछले साल चेन्नई पहुंचा था और इस बार राजस्थान रॉयल्स ने मुझ पर भरोसा जताया है। मेरा लक्ष्य जल्द ही मुख्य टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए खेलना है।
शाहबाज अनवर, तेज गेंदबाज