Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब बिना टिकट यात्रा करना पड़ेगा भारी! दानापुर मंडल में EFT प्रणाली हुई हाईटेक; मोबाइल नंबर से होगी पहचान

    Updated: Sat, 16 May 2026 02:20 PM (IST)

    पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर अब डिजिटल निगरानी और सख्ती बढ़ाई गई है। ईएफटी प्रणाली के तहत ऑनलाइन जुर्माना वसूला ...और पढ़ें

    बे‍ट‍िकट यात्र‍ियों पर अब ड‍िजि‍टल नि‍गरानी।

    बे‍ट‍िकट यात्र‍ियों पर अब ड‍िजि‍टल नि‍गरानी।

    HighLights

    1. दानापुर मंडल में बिना टिकट यात्रा पर सख्ती।

    2. ईएफटी प्रणाली से ऑनलाइन जुर्माना वसूली होगी।

    3. आदतन यात्रियों का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा।

    रितेश चौरसिया आरा। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल अंतर्गत अब बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर डिजिटल निगरानी और सख्ती बढ़ाई जा रही है।

    रेलवे प्रशासन ने ईएफटी प्रणाली (Excess Fare Ticket) को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नया प्रावधान लागू किया है। इसके तहत ट्रेन में पकड़े जाने वाले यात्रियों से ऑनलाइन माध्यम से जुर्माना वसूला जाएगा।

    बार-बार नियम तोड़ने वालों का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से दर्ज होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब ईएफटी जुर्माना टिकट बनाते समय यात्री का मोबाइल नंबर लेना आवश्यक किया गया है।

    आदतन बिना टिकट यात्रा करने वालों पर नजर 

    हालांकि सामान्य परिस्थितियों में केवल ईएफटी टिकट जारी करने के लिए मोबाइल नंबर अनिवार्य नहीं होगा, लेकिन जब यात्री से जुर्माना वसूला जाएगा तब उसका मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा।

    इससे रेलवे को बार-बार बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों की पहचान करने में आसानी होगी। रेलवे सूत्रों ने बताया कि यदि कोई यात्री दो, तीन, चार या पांच बार तक बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा जाता है। 

    इस दौरान जुर्माना देता है, तो उसका पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन सिस्टम में दिखाई देने लगेगा। इससे ऐसे यात्रियों की पहचान “आदतन बिना टिकट यात्रा करने वाले” के रूप में की जा सकेगी।

    रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से बिना टिकट यात्रा पर काफी हद तक रोक लगेगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी।

    ऑनलाइन जुर्माना वसूली की सुविधा 

    दानापुर रेल मंडल सहित हाजीपुर जोन के सभी टीटीई ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर को अब ऑनलाइन जुर्माना वसूली की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

    टीटीई हैंड हेल्ड मशीन या मोबाइल आधारित एप्लीकेशन के माध्यम से सीधे डिजिटल ईएफटी टिकट जारी करेंगे। यात्री मौके पर ही ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।

    इससे नकद लेनदेन में कमी आएगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस नई प्रणाली का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है। कई बार यात्री जानबूझकर बिना टिकट यात्रा करते हैं और जुर्माना देकर बच निकलते हैं।

    लेकिन अब डिजिटल रिकॉर्ड बनने के बाद ऐसे लोगों पर रेलवे विशेष निगरानी रख सकेगा। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए रेलवे लगातार डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा दे रहा है।

    रिपोर्ट तैयार करने में सहुलियत 

    ऑनलाइन ईएफटी टिकटिंग प्रणाली से टीटीई को भी काम करने में आसानी होगी तथा रिपोर्ट तैयार करने में समय की बचत होगी।

    दानापुर रेल मंडल के अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें।

    बिना टिकट यात्रा करने पर अब केवल जुर्माना भरकर बच निकलना आसान नहीं होगा, क्योंकि पूरा रिकॉर्ड रेलवे के ऑनलाइन सिस्टम में सुरक्षित रहेगा।