संपूर्ण क्रांति से विक्रमशिला तक सब पैक: छठ-दिपावली पर घर लौटना मुश्किल, बुकिंग खुलते ही टिकट 'रिग्रेट'
दिवाली-छठ के लिए ट्रेनों में बुकिंग शुरू होते ही सीटें मिनटों में फुल हो जा रही हैं, जिससे यात्रियों को ...और पढ़ें

छठ-दिपावली पर घर लौटना मुश्किल, बुकिंग खुलते ही टिकट 'रिग्रेट'
HighLights
बुकिंग शुरू होते ही दिवाली-छठ के टिकट फुल।
यात्रियों को वेटिंग और रिग्रेट का सामना करना पड़ रहा।
त्योहार स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार कर रहे यात्री।
जागरण संवाददाता, आरा। 60 दिनों पूर्व ट्रेनों में आरक्षण शुरू होता है और नवंबर में दिवाली-छठ को लेकर बुकिंग शुरू होने के कुछ ही मिनटों पर बुकिंग वेटिंग और रिग्रेट हो जा रही है। गुरुवार को नौ अक्टूबर और नौ नवंबर तक की यात्रा के लिए बुकिंग विंडो खुलते ही कई प्रमुख ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता तेजी से खत्म हो गई।
श्रमजीवी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस, सिकंदराबाद दानापुर एक्सप्रेस और पुणे-सुपौल एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों में सीटें बुक होने के बाद यात्रियों को वेटिंग और रिग्रेट का विकल्प दिखाई देने लगा।
अब यात्रियों की उम्मीद रेलवे की ओर से घोषित होने वाली त्योहार स्पेशल ट्रेनों पर टिकी है। यात्रियों ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान बिहार के प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की मांग की है।
उनका कहना है कि रेलवे को त्योहारी भीड़ को देखते हुए पहले से ट्रेनों की संख्या बढ़ानी चाहिए, ताकि नियमित ट्रेनों में दबाव कम हो और यात्रियों को घर लौटने का विकल्प मिल सके।
आरा निवासी रोहित कुमार, विनोद कुमार, संदीप कुमार, पकड़ी निवासी मनोज कुमार और बिट्टू ने बताया कि दीपावली और छठ को लेकर अक्टूबर और नवंबर की टिकट बुक करने का प्रयास पिछले कई दिनों से किया जा रहा है।
निर्धारित समय पर बुकिंग के लिए ऑनलाइन बैठने के बावजूद कई बार सर्वर नहीं खुलता। जब तक बुकिंग की प्रक्रिया शुरू होती है, तब तक कंफर्म सीटें उपलब्ध नहीं रहतीं। ऐसे में अब यात्रियों को त्योहार स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार है।
बुकिंग शुरू होते ही टिकट रिग्रेट
कंफर्म टिकट की उम्मीद में लोग काउंटर पर देर रात से ही जमे रह रहे हैं और समय से पहले लैपटाप खोलकर बैठ रहे हैं, लेकिन बहुत भाग्यशाली होने पर ही टिकट कंफर्म मिल रहा है।
गुरुवार को नौ नवंबर का विंडो चलते ही अजीमाबाद एक्सप्रेस, पुणे-सुपौल, विक्रमशिला एक्सप्रेस, राजेन्द्र नगर तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति आदि ट्रेनों के टिकट रिग्रेट आने लगे। वहीं, कई ट्रेनों में टिकट मिल भी रहा था तो प्रतीक्षा सूची काफी लंबी थी।
