बिहार में जनसाधारण एक्सप्रेस के कोच में ब्रेक बाइंडिंग से लगी आग, यात्रियों में मची अफरातफरी
बिहिया स्टेशन पर जनसाधारण एक्सप्रेस के एक कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण आग लग गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान एक महिला यात्री ट्रेन स ...और पढ़ें

बिहार में जनसाधारण एक्सप्रेस के कोच में ब्रेक बाइंडिंग से लगी आग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, आरा/बिहिया। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर बिहिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर सोमवार की दोपहर ट्रेन संख्या 13258 डाउन जनसाधारण सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन से सटे एक कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण आग लग गई।
धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक महिला यात्री ने घबराकर ट्रेन से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। भगदड़ में कुछ अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने करीब दोपहर 3:05 बजे ट्रेन को बिहिया स्टेशन पर रोक दिया और स्टेशन से तत्काल सहायता मांगी। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, रेलकर्मी तथा रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे।
आग बुझाने के लिए इंजन से एक तथा स्टेशन से दो अग्निशामक यंत्र मंगाए गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद घायल महिला को स्वजन द्वारा इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल महिला 26 वर्षीय पत्नी सीता देवी कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सोहरा गांव निवासी कृष्णा चौधरी की पत्नी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी यात्री द्वारा चेन पुलिंग अथवा वैक्यूम कर ट्रेन रोकने के प्रयास के कारण ब्रेक बाइंडिंग हो गई। इससे ब्रेक जाम हो गया और अत्यधिक घर्षण के कारण उसमें आग लग गई।
बताया जाता है कि बिहिया स्टेशन पर डाउन पैसेंजर ट्रेन को रोककर जनसाधारण एक्सप्रेस को पास कराया जा रहा था। इसी दौरान इंजन से सटे कोच संख्या 191134 (ईसीआर) में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं उठने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बनाही स्टेशन पार करने के बाद ही कोच से धुआं निकलना शुरू हो गया था, जो बिहिया पहुंचते-पहुंचते काफी बढ़ गया और पीछे के कई डिब्बों तक फैल गया।
इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि ब्रेक बाइंडिंग के कारण चक्के से चिंगारी और धुआं निकलने लगा था। इसे देखकर कुछ यात्रियों ने ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैला दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
खबरें और भी
दवा लेकर घर लाैट रही थी महिला
घायल सीता देवी ने बताया कि वह सोमवार सुबह ट्रेन से टुड़ीगंज स्टेशन उतरी थीं और कृष्णब्रह्म में दवा लेने गई थीं। दवा लेकर वह जनसाधारण सुपरफास्ट एक्सप्रेस से वापस आरा लौट रही थीं।
जैसे ही ट्रेन बिहिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर पहुंची, यात्रियों ने ट्रेन में आग लगने का शोर मचाना शुरू कर दिया। घबराहट में उन्होंने ट्रेन से छलांग लगा दी, जिससे उनका दाहिना हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गया।