भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव: NDA ने उम्मीदवार का किया एलान, RJD से होगी सीधी टक्कर
NDA ने भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से कन्हैया प्रसाद को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संजय झा औ ...और पढ़ें

कन्हैया प्रसाद बने एनडीए के प्रत्याशी। (जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए ने कन्हैया प्रसाद को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और संदेश विधायक राधाचरण साह की उपस्थिति में कन्हैया के नाम पर अपनी सहमति प्रदान की।
इसके बाद औपचारिक रूप से उन्हें प्रत्याशी घोषित करने का सहमति पत्र दिया। इस फैसले को एनडीए के भीतर आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती का संकेत माना जा रहा है।
पार्टी के प्रति जताया आभार
सीएम द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने पर संदेश विधायक ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके पुत्र कन्हैया प्रसाद पर भरोसा जताकर नेतृत्व ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कन्हैया पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
वहीं, प्रत्याशी बनाए जाने पर कन्हैया प्रसाद ने सीएम समेत पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए की जीत के लिए वे कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।
समर्थकों में उत्साह
कन्हैया के प्रत्याशी बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है। उनका कहना है कि कन्हैया के रूप में पार्टी को एक ऊर्जावान और सक्रिय उम्मीदवार मिला है, जो क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं।
अब कन्हैया के सामने चुनावी मैदान में अपनी ताकत साबित करने की चुनौती होगी। हालांकि, पार्टी और एनडीए का मजबूत संगठन और शीर्ष नेतृत्व का समर्थन उनके पक्ष में माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रत्याशी बनाए जाने पर शुभकामनाएं और बधाई देने वालों में भाजपा नेता सह बिस्कोमान अध्यक्ष विशाल सिंह, जगदीशपुर विधायक श्री भगवान कुशवाहा, पूर्व सांसद मीना सिंह, आरा महानगर अध्यक्ष जेपी चौधरी, भाजपा नेता अशोक शर्मा, गुड्डू सिंह बबुआन, जेडीयू के वरिष्ठ नेता प्रिंस बजरंगी, अभय विश्वास भट्ट समेत दर्जनों लोग शामिल है।