आरा में बालू घाट से लौट रहे मजदूरों की ऑटो रेलवे स्टेशन की दीवार से टकराई, दो की मौत
भोजपुर के कोईलवर में मजदूरों से भरी ऑटो रेलवे स्टेशन की दीवार से टकरा गई, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें

अस्पताल में मौजूद लोग
HighLights
कोईलवर में मजदूरों से भरी ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत।
बालू घाट से लौट रहे थे मजदूर, पांच गंभीर घायल।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, कोईलवर (आरा)। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के सोन नदी स्थित कोईलवर अब्दुलबारी लोहा पुल के समीप सोमवार की देर रात मजदूरों से भरी ऑटो अनियंत्रित होकर रेलवे स्टेशन की दीवार से टकरा गई। हादसे में ऑटो पर सवार सात मजदूरों में दो की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे में कोईलवर नगर के वार्ड नंबर छह निवासी 50 वर्षीय मो. सागिर अहमद की कोईलवर सीएचसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, वार्ड नंबर पांच निवासी 49 वर्षीय मो. अलीम ने बिहटा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से जख्मी कृष्ण राय अनिल राय, संतोष राय व सुजीत राय वार्ड नंबर तीन तथा शंभू चौधरी वार्ड नंबर सात के निवासी हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
बालू घाट से मजदूरी कर लौट रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार सभी मजदूर रनिया तालाब थाना क्षेत्र के घाना बालू घाट पर मजदूरी करने के बाद सोमवार की रात आटो से अपने घर कोईलवर लौट रहे थे।

इसी दौरान अब्दुलबारी स्थित लोहा पुल से निकलते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सामने स्थित रेलवे स्टेशन की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार मजदूर उसमें दब गए।
स्थानीय लोगों ने निकालकर पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और डायल 112 को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सीएचसी से एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए कोईलवर सीएचसी लाया गया। यहां डॉ. आनंददीप और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए पांचों को पटना रेफर कर दिया गया।हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के स्वजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद कोईलवर नगर में मातम का माहौल है।