यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Schools: बालू वाले इलाके के 110 स्कूलों में खुलेंगे पुस्तकालय, 40 हजार बच्चों को होगा लाभ
Bihar News In Hindi भोजपुर जिले में सोन नदी के किनारे स्थित लगभग 110 स्कूलों में बड़े स्तर पर पुस्तकालय का निर्माण (Library Construction) कराया जाएगा। ...और पढ़ें

HighLights
- तरारी के देव में बनेगा राष्ट्रीय संग्रहालय भेजा गया प्रस्ताव
- आरा के कलेक्ट्रेट तालाब में शुरू होगी वोटिंग की सुविधा
- जिले में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय त्योहार
जागरण संवाददाता, आरा। पिछले वर्षों में बालू वाले क्षेत्र में ऑपरेशन कायाकल्प अभियान की सफलता को देखते हुए पहले चरण में लगभग एक दर्जन इसके बाद अन्य सभी मध्य और हाई स्कूलों में पुस्तकालय अभियान शुरू किया जाएगा। कुल मिलाकर, बालू वाले इलाकों के 110 स्कूलों में पुस्तकालय का निर्माण कराया जाएगा।
इसके साथ ही तरारी के देव सूर्य मंदिर के समीप राष्ट्रीय संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके बन जाने से हर्षवर्धन के शिलालेख समेत कई दुर्लभ मूर्तियों की जानकारी आम लोगों को मिलने के साथ इसे देखने और समझने के लिए लोग बाहर से आएंगे।
इससे पर्यटन के रूप में क्षेत्र का विकास होने से रोजगार के नए-नए अवसर मिलेंगे। उक्त बातें भोजपुर डीएम राजकुमार ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ऐतिहासिक आरा के रमना मैदान में ध्वजारोहण करते हुए कहीं।
इसके साथ ही आरा शहर में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कलेक्ट्रेट तालाब में वोटिंग की सुविधा जल्द ही शुरू करने की घोषणा की।
मौके पर बोलते हुए डीएम ने आजादी के लिए जिन वीरों ने कुर्बानी दी उन्हें याद करते हुए जिले वासियों से विकास में हमसफर बनने का अनुरोध किया।
बांग्लादेश की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक तरफ जहां हमारे आसपास उथल-पुथल मचा है वहीं दूसरी तरफ हमारा लोकतंत्र पूरी तरह से मजबूत हो रहा है।
डीएम ने शिक्षा और स्वास्थ्य के बारे में भी दी जानकारी
डीएम ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से विभिन्न योजनाओं के द्वारा जिला खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर समेत सभी प्रकार की योजनाओं को लागू किया जा रहा है। सात निश्चय पार्ट दो के तहत तेजी से विकास कार्य चलाए जा रहे हैं।
अगले साल तक नहर के निचले छोर तक पानी पहुंचा दी जाएगी। तरारी में 100 एकड़ में बनने वाले औद्योगिक क्षेत्र का अगले वर्ष से संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जमीन सर्वे का कार्य जल्द ही शुरू होने वाला है इसके अंतर्गत उन्होंने सभी लोगों से अपने-अपने कागजातों को दिखाते हुए इसे अपडेट कराने का अनुरोध किया।
खबरें और भी
ध्वजारोहण के पहले डीएम और एसपी प्रमोद कुमार यादव ने परेड का संयुक्त रूप से विशेष वाहन के द्वारा निरीक्षण किया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रणविजय कुमार ने किया।
मौके पर आरा सांसद सुदामा प्रसाद, एमएलसी राधाचरण सेठ, मेयर इंदु देवी, विधायक राम विशुन सिंह लोहिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें-
सिन्हा लाइब्रेरी रोड होगा पाटलिपुत्र अंचल कार्यालय का नया पता, 12 अगस्त से शुरू हो जाएगा यहां काम